रामकृष्ण ध्रुव बने मैनपुर ब्लॉक कांग्रेस के दूसरी बार अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह

 


गरियाबंद। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट द्वारा आज छत्तीसगढ़ प्रदेश के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी की गई। इस सूची में गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की कमान एक बार फिर रामकृष्ण ध्रुव को सौंपी गई है। उनकी दोबारा नियुक्ति को संगठन में भरोसे और मजबूत नेतृत्व की मुहर के रूप में देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी रामकृष्ण ध्रुव मैनपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में सक्रिय, जुझारू और संगठनात्मक मजबूती के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनके कार्यकाल में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिली और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ। यही कारण है कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर पुनः विश्वास जताते हुए दूसरी बार यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
रामकृष्ण ध्रुव की पुनर्नियुक्ति की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की जीत और संघर्षशील नेतृत्व की सफलता बताया। इसी कड़ी में आज शाम मैनपुर नगर के हमर मैनपुर चौक में भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जहां कांग्रेस कार्यकर्ता आतिशबाजी और नारेबाजी के साथ खुशियां मनाएंगे।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि रामकृष्ण ध्रुव के नेतृत्व में मैनपुर ब्लॉक में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा आगामी चुनावों में पार्टी को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उनकी दोबारा ताजपोशी से मैनपुर ब्लॉक में कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियों में नई धार आने की उम्मीद जताई जा रही है।

मुख्य खबरें