दूसरी बार शहर कांग्रेस अध्यक्ष बने प्रेम सोनवानी, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर

गरियाबंद :- कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए कांग्रेस पार्टी ने ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति को हरी झंडी दे दी है। इसी क्रम में गरियाबंद शहर कांग्रेस कमेटी की कमान एक बार फिर कांग्रेस के युवा और जुझारू नेता प्रेम सोनवानी को सौंपी गई है। लगातार दूसरी बार शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा के साथ ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला।
पार्टी नेतृत्व के इस फैसले को प्रेम सोनवानी की संगठनात्मक क्षमता, कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ और जनसमर्पित कार्यशैली का परिणाम माना जा रहा है। नियुक्ति की खबर फैलते ही शहरभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाइयाँ दीं और मिठाइयाँ बांटकर खुशी जाहिर की।
दोबारा जिम्मेदारी मिलने पर प्रेम सोनवानी ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर फिर से भरोसा जताया है, यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा, “मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने का काम करूंगा। शहर में कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाना मेरी प्राथमिकता रहेगी।”
उनकी पुनर्नियुक्ति से यह साफ संकेत है कि कांग्रेस नेतृत्व आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को मजबूत और सक्रिय नेतृत्व के हाथों में सौंपने के मूड में है। प्रेम सोनवानी के नेतृत्व में शहर कांग्रेस को नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद कार्यकर्ताओं के चेहरों पर साफ झलक रही है।

मुख्य खबरें