जनपद पंचायत की छवि धूमिल करने की साजिश बेनकाब, सीईओ पर लगे आरोप पूरी तरह निराधार : जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर

छुरा :- छुरा जनपद पंचायत में उपजे विवाद को लेकर बुधवार को जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने जनपद कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनपद उपाध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनपद सीईओ पर भ्रष्टाचार के लगाए जा रहे आरोप मनगढ़ंत, निराधार और जनपद पंचायत को बदनाम करने की सोची-समझी साजिश का हिस्सा हैं।
प्रेस को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष ने कहा कि जनपद उपाध्यक्ष कुलेश्वर सोनवानी लगातार प्रेस के माध्यम से तथ्यहीन और उत्तेजक बयानबाजी कर रहे हैं, जिससे न केवल जनपद पंचायत की छवि धूमिल हो रही है बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था को भी बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत का प्रत्येक कार्य पूरी पारदर्शिता, नियम और कानून के तहत किया जा रहा है।
जनपद अध्यक्ष के साथ मौजूद जनपद सदस्यों ने भी एक स्वर में जनपद सीईओ की कार्यप्रणाली को निष्पक्ष, ईमानदार और संतोषजनक बताया। सदस्यों ने कहा कि आज तक जनपद में हुए किसी भी कार्य में भ्रष्टाचार का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है और न ही किसी जांच एजेंसी ने इस तरह की पुष्टि की है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान माहौल उस समय गरमा गया जब जनपद उपाध्यक्ष कुलेश्वर सोनवानी ने आवेश में आकर जनपद सीईओ के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें “चोर” तक कह दिया। इस बयान पर उपस्थित जनपद सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की गरिमा के खिलाफ बताया।
जनपद अध्यक्ष व सदस्यों ने स्पष्ट किया कि बिना किसी जांच, प्रमाण या सक्षम मंच के किसी अधिकारी पर इस प्रकार के गंभीर आरोप लगाना निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे न केवल एक ईमानदार अधिकारी की छवि को नुकसान पहुंचता है, बल्कि पूरे जनपद पंचायत की साख पर भी सवाल खड़े होते हैं।
अंत में जनपद अध्यक्ष ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि इस तरह की भ्रामक, तथ्यहीन और अपमानजनक बयानबाजी जारी रही, तो जनपद पंचायत स्तर पर आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अफवाहों और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बयानों में न आएं और सच्चाई को समझें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस ने साफ कर दिया कि जनपद पंचायत छुरा में प्रशासनिक कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ चल रहा है और बेबुनियाद आरोपों के जरिए जनपद को बदनाम करने की कोशिशें अब बेनकाब हो चुकी हैं।
