अनुमति भूतल की नहीं, तान दिया चार मंज़िल,,नगर पंचायत छुरा बनी मूकदर्शक, अवैध निर्माण पर उठे गंभीर सवाल

छुरा:-नगर पंचायत छुरा में अवैध निर्माणों का खेल खुलेआम चल रहा है, और जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी मूकदर्शक बनकर तमाशा देख रहे हैं। शासन के राजस्व की भारी हानि के बावजूद नगर पंचायत की खामोशी ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, नगर के शिव चौक से पहले आमापारा क्षेत्र में एक चार मंजिला विशाल इमारत तेजी से खड़ी की जा रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस निर्माण के लिए न तो नगर पंचायत से नक्शा पास कराया गया, और न ही निर्माण की वैध अनुमति ली गई। बावजूद इसके, बिल्डिंग अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है, जिससे साफ जाहिर होता है कि नियमों की धज्जियां खुलेआम उड़ाई जा रही हैं।
नगर पंचायत क्षेत्र में किसी भी भवन निर्माण के लिए पूर्व अनुमति लेना कानूनी रूप से अनिवार्य है। परंतु, छुरा में कानूनों की अनदेखी करते हुए निर्माण कार्य धड़ल्ले से जारी है। नगर पंचायत का रवैया यह संकेत दे रहा है कि या तो अधिकारी जानबूझकर आंख मूंदे हुए हैं, या फिर अंदरखाने किसी मिलीभगत का खेल चल रहा है।
स्थानीय नागरिकों में इस मामले को लेकर भारी आक्रोश है। लोग दबी जुबान में कह रहे हैं – “जब पूरे नगर को अवैध निर्माण की खबर है, तो फिर नगर पंचायत को क्यों नहीं दिखता? क्या अब अवैध को भी मौन स्वीकृति मिल गई है?”
नगर के प्रमुख मार्ग पर इस तरह की चार मंजिला अवैध इमारत का निर्माण न केवल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है, बल्कि भविष्य में सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है। लोगों का कहना है कि यदि नगर पंचायत द्वारा जल्द कार्यवाही नहीं की गई, तो ऐसे अवैध निर्माणों को बढ़ावा मिलेगा और पूरा नगर अराजक निर्माणों का अड्डा बन जाएगा।
अब सवाल यह है
क्या नगर पंचायत केवल देखती रहेगी?
या फिर इस अवैध निर्माण पर गाज गिरेगी?
जनता जवाब चाहती है, और नगर पंचायत की चुप्पी अब बहुत कुछ बयां कर रही है…
