नक्सल मोर्चे के ‘रणनीतिकार’ धीरेन्द्र पटेल को गरियाबंद पुलिस ने दी ससम्मान विदाई अब सारंगढ़-बिलाईगढ़ में संभालेंगे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की कमान,

गरियाबंद। जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित गरिमामय विदाई समारोह में गरियाबंद के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरेन्द्र पटेल को पुलिस परिवार ने ससम्मान विदाई दी। श्री पटेल का नवीन पदस्थापना सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में हुआ है। विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों ने उनके कार्यकाल की उपलब्धियों को याद करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

नक्सल मोर्चे पर दर्ज की कई बड़ी सफलताएं

गरियाबंद में श्री धीरेन्द्र पटेल का कार्यकाल नक्सल विरोधी अभियानों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहा। उनके कुशल रणनीतिक नेतृत्व और जमीनी अनुभव के चलते पुलिस ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कई प्रभावी अभियान संचालित किए। पुलिस के अनुसार, उनके मार्गदर्शन में क्षेत्र के टॉप कैडर के सीसी मेंबर सहित कई इनामी नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में सफलता मिली।

अभियान के साथ आत्मसमर्पण पर भी रहा जोर

श्री पटेल के कार्यकाल में पुलिस की रणनीति केवल नक्सल विरोधी अभियानों तक सीमित नहीं रही, बल्कि सक्रिय नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया। शासन की पुनर्वास नीति और आत्मसमर्पण नीति के प्रचार-प्रसार से कई नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया। इससे जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ विकास कार्यों को भी गति मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।

सरल स्वभाव और कुशल नेतृत्व की हुई सराहना

विदाई समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्री पटेल के सरल स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और प्रभावी नेतृत्व की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में अधीनस्थों का मनोबल बढ़ाना और टीम को एकजुट रखते हुए लक्ष्य हासिल करना उनकी कार्यशैली की विशेष पहचान रही।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने श्री पटेल को नवीन पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भी अपनी कार्यकुशलता और अनुभव से पुलिसिंग को नई मजबूती देंगे तथा सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे।

गरियाबंद पुलिस परिवार के लिए यह विदाई भावुक क्षण रहा। एक ओर अधिकारी के उल्लेखनीय कार्यकाल की उपलब्धियों पर गर्व दिखाई दिया, तो दूसरी ओर लंबे समय तक साथ काम करने वाले पुलिसकर्मियों में विदाई की भावुकता भी नजर आई।

मुख्य खबरें