स्कूटी में 14 किलो गांजा लेकर घूम रहा था 56 साल का आरोपी, छुरा पुलिस ने दबोचा 7 लाख के गांजे समेत स्कूटी-मोबाइल जब्त, कुल 7.45 लाख की जब्ती से मचा हड़कंप

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी
छुरा। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ गरियाबंद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना छुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्कूटी में गांजा छिपाकर उसका परिवहन कर रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा के अलावा स्कूटी और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 7 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है।
गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध गांजा परिवहन एवं बिक्री करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निर्देश के बाद जिलेभर में मुखबिर तंत्र और पेट्रोलिंग को सक्रिय किया गया है।
इसी दौरान 10 अगस्त 2026 को थाना छुरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोंगरा तिराहा-बिरनीबाहरा की ओर से स्कूटी में गांजा लेकर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
कुछ देर बाद पुलिस ने मटमैले रंग की टीवीएस जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG-23-P-0438 को रोककर गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी के सामने पैरदान में रखे कपड़े के थैले और डिक्की में टेप से लपेटकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने कुल 14 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपये, बरामद किया। इसके साथ ही 40 हजार रुपये कीमत की टीवीएस जुपिटर स्कूटी और करीब 4 हजार रुपये कीमत का की-पैड मोबाइल भी जब्त किया गया। इस तरह पुलिस की कार्रवाई में कुल 7 लाख 45 हजार रुपये की सामग्री जब्त हुई।
पूछताछ में आरोपी की पहचान घनश्याम साहू पिता स्व. शारदा साहू, उम्र 56 वर्ष, निवासी खुड़सा, थाना फिंगेश्वर, जिला गरियाबंद के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय के समक्ष पेश किया।
