समय से पहले केस सुलझाने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान, एसपी वेदव्रत सिरमौर ने बढ़ाया हौसला

ई-साक्ष्य और सीसीटीएनएस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को मिले प्रशस्ति पत्र, बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रतिस्पर्धा का दिया संदेश

गरियाबंद। जिला पुलिस कार्यालय गरियाबंद में पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के नेतृत्व में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के विभिन्न थानों में लंबित प्रकरणों का समय से पहले वैधानिक निराकरण करने, ई-साक्ष्य के प्रभावी संकलन एवं प्रबंधन तथा सीसीटीएनएस में बेहतर और समयबद्ध डेटा एंट्री करने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि आम जनता को त्वरित न्याय दिलाना और पुलिसिंग को आधुनिक, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाना गरियाबंद पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गंभीर एवं सामान्य आपराधिक प्रकरणों का निर्धारित समय से पहले वैधानिक निराकरण करने वाले अधिकारी-कर्मचारी निश्चित रूप से अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

डिजिटल पुलिसिंग को बताया समय की जरूरत

एसपी ने ई-साक्ष्य और सीसीटीएनएस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में वैज्ञानिक अनुसंधान और डिजिटल रिकॉर्ड पुलिस विवेचना का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। किसी प्रकरण में डिजिटल साक्ष्य को सही तरीके से संकलित, सुरक्षित और प्रस्तुत करना तथा सीसीटीएनएस केस पोर्टल पर वास्तविक समय में सही जानकारी दर्ज करना जिम्मेदारी के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण कार्य भी है।

उन्होंने कहा कि जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी के प्रति समर्पण दिखाते हुए इन क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया है। उनके प्रयासों से गरियाबंद पुलिस की कार्यप्रणाली को मजबूती मिली है और डिजिटल पुलिसिंग के क्षेत्र में जिले का प्रदर्शन बेहतर हुआ है।

सम्मान से बढ़ेगा मनोबल, बेहतर कार्य की बनेगी प्रतिस्पर्धा

पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सार्वजनिक रूप से प्रोत्साहित करने से उनका मनोबल बढ़ता है। साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों में भी बेहतर कार्य करने की सकारात्मक प्रतिस्पर्धा विकसित होती है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से इसी ऊर्जा, अनुशासन, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ आम जनता की सेवा करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी एवं जिला पुलिस कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। सम्मान समारोह ने पुलिस विभाग के भीतर बेहतर कार्य संस्कृति, जवाबदेही और तकनीक आधारित प्रभावी पुलिसिंग को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

मुख्य खबरें