झूठे फॉर्म-07 से 50 मुस्लिम मतदाताओं के नाम काटने की साजिश!छुरा में भड़की कांग्रेस, दोषियों पर एफआईआर की मांग

 

छुरा :- लोकतंत्र की बुनियाद मानी जाने वाली मतदाता सूची से कथित रूप से 50 मुस्लिम मतदाताओं के नाम झूठा एवं फर्जी फॉर्म-07 प्रस्तुत कर हटवाने की कोशिश का मामला सामने आते ही छुरा की राजनीति गरमा गई है। इस गंभीर प्रकरण को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुकचंद बेसरा के नेतृत्व में तहसील कार्यालय और थाना पहुंचे तथा तहसीलदार छुरा व थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की।मामले के अनुसार, संबंधित मतदाताओं के विरुद्ध एसआईआर प्रक्रिया में आपत्ति दर्ज कराई गई थी। सुनवाई के लिए सोमवार को तहसीलदार द्वारा आवेदक एवं अनावेदक को पेश होने के निर्देश दिए गए। लेकिन सुनवाई के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ—जिन व्यक्तियों के नाम से आपत्ति आवेदन प्रस्तुत किया गया था, उन्होंने स्वयं ही आवेदन पर किए गए हस्ताक्षर को अपना मानने से इंकार कर दिया। इससे पूरा आवेदन फर्जी और सुनियोजित साजिश का हिस्सा प्रतीत होने लगा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुकचंद बेसरा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह मामला अत्यंत गंभीर है और सीधे तौर पर लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम कटवाने का यह प्रयास सुनियोजित षड्यंत्र है, जो प्रशासनिक निष्पक्षता और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा,
“यदि इस मामले में किसी अधिकारी, कर्मचारी या जनप्रतिनिधि की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। दोषियों को किसी भी हाल में संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। कानून सबके लिए समान है और पीड़ितों को न्याय मिलना ही चाहिए।”
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं की तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के मताधिकार के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस घटनाक्रम ने नगर में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। अब सबकी निगाहें प्रशासनिक जांच और संभावित कार्रवाई पर टिकी हैं। लोकतंत्र की रक्षा और मतदाताओं के अधिकारों की बहाली को लेकर छुरा में माहौल गरमाता जा रहा है। इस मौके पर सुखचंद बेसरा, अब्दुल समद खान, लोकेन्द्र कोमर्रा,नीलकंठ ठाकुर, रमेश शर्मा, पार्षद सलीम मेमन, हरीश यादव, देवसीह नेताम, पंच राम टंडन, शांतनु देवांगन, आकाश दीक्षित शैलेन्द्र दीक्षित, अखिल चौबे,सहित बड़ी संख्या मे कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे

मुख्य खबरें