धान उठाव में लापरवाही पर कलेक्टर का बड़ा एक्शन, अब रोज होगी मॉनिटरिंग टी एल बैठक मे कलेक्टर ने ली अधिकारियो की क्लास 

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी 
गरियाबंद। जिले में धान उठाव की धीमी रफ्तार पर कलेक्टर ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को साफ चेतावनी दे दी है कि अब किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए अब वे स्वयं प्रतिदिन मॉनिटरिंग करेंगे।

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों ने व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। जिले में कुल धान उठाव 43,39,054 क्विंटल दर्ज किया गया है, जो लक्ष्य के मुकाबले 85.56% ही पूरा हो पाया है। यानी अब भी बड़ी मात्रा में धान का उठाव बाकी है, जिससे शासन की मंशा पर असर पड़ रहा है।

विकासखंडवार स्थिति ने बढ़ाई चिंता

गरियाबंद ब्लॉक में कुल उठाव लगभग 5,48,919 क्विंटल (93.39%) दर्ज हुआ

छुरा ब्लॉक में करीब 5,71,295 क्विंटल (91.01%) उठाव

देवभोग ब्लॉक की स्थिति कमजोर, मात्र 80.26% उठाव

फिंगेश्वर ब्लॉक में 68.98% उठाव, सबसे पीछे

मैनपुर ब्लॉक में बेहतर प्रदर्शन के साथ 92.70% उठाव
इन आंकड़ों से साफ है कि कई केंद्रों में अब भी उठाव की रफ्तार बेहद धीमी है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कलेक्टर का सख्त संदेश

कलेक्टर ने दो टूक कहा कि
जिन केंद्रों में उठाव कम है, वहां तत्काल गति बढ़ाई जाए
जिम्मेदार अधिकारियों पर सीधे कार्रवाई की जाएगी
अब हर दिन की प्रगति की समीक्षा खुद की जाएगी

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिवहन, भंडारण और मिलर्स के समन्वय में किसी भी प्रकार की बाधा तुरंत दूर की जाए।

जिम्मेदारों पर बढ़ा दबाव

कलेक्टर की इस सख्ती के बाद अब संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों को स्पष्ट कर दिया गया है कि यदि समय पर लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

धान खरीदी के बाद उठाव में देरी को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्टिव मोड में आ गया है। कलेक्टर की डेली मॉनिटरिंग से अब उम्मीद है कि शेष धान का उठाव तेजी से पूरा होगा और किसानों को राहत मिलेगी।

मुख्य खबरें