छुरा सांस्कृतिक भवन में मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन 200 से अधिक बच्चों की हुई स्वास्थ्य जांच, जिला प्रशासन व महिला बाल विकास विभाग की सराहनीय पहल

छुरा :- विकासखंड छुरा के सांस्कृतिक भवन में रविवार को एक भव्य मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह शिविर जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य कुपोषित बच्चों के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुपोषण को सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में रायपुर के प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ एवं बाल गोपाल चिल्ड्रन हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अशोक भट्टर एवं उनकी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा 200 से अधिक बच्चों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। सरकारी आंकड़ों के अनुसार छुरा विकासखंड में 126 बच्चे कुपोषण से प्रभावित हैं, ऐसे में यह शिविर कुपोषण उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती माता की पूजा अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर गरियाबंद कलेक्टर बी.एस. उइके, जनपद पंचायत अध्यक्ष मीरा ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष तुकेश्वरी निषाद, जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा, तथा जिला परियोजना अधिकारी अशोक पांडे सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर बी.एस. उइके ने कहा छत्तीसगढ़ को कुपोषण मुक्त बनाना शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है। आज रायपुर से नामी डॉक्टर स्वयं बच्चों के इलाज के लिए यहां पहुंचे हैं, यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है!
डॉ. अशोक भट्टर ने अपने संबोधन में कहा, यह शिविर गरियाबंद कलेक्टर बी.एस. उइके की प्रेरणा से संभव हो पाया है। यह सामाजिक सेवा का हिस्सा है और हम ऐसे आयोजनों में हमेशा आगे रहेंगे।
जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने डॉ. भट्टर को बच्चों के लिए भगवान स्वरूप बताते हुए कहा कि ऐसे विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज कराना ग्रामीणों के लिए आमतौर पर संभव नहीं हो पाता, परंतु प्रशासन ने यह अवसर उपलब्ध कराया।”

नगर पंचायत अध्यक्ष तुकेश्वरी निषाद ने कहा यह शिविर निश्चित ही छुरा ब्लॉक के कुपोषित बच्चों के लिए वरदान साबित होगा। जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग का यह प्रयास प्रशंसनीय है।”

जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा एवं परियोजना अधिकारी अशोक पांडे ने भी शिविर की उपयोगिता को रेखांकित करते हुए जिले को कुपोषण मुक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

शिविर के दौरान डॉ. अशोक भट्टर द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों को कुपोषण की रोकथाम, लक्षण एवं उपचार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में लक्की ट्रेडर्स के संचालक लक्की मेमन द्वारा डॉ. भट्टर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर जिला परियोजना अधिकारी अशोक पांडे, छुरा परियोजना अधिकारी चंदुलाल साहू,चन्द्रहास साहू परियोजना अधिकारी गरियाबंद,पार्षद योगिता दीक्षित, दीप्ती यादव, कुंती साहू, सीता ठाकुर, देवकी ठाकुर,सावित्री भार्गव, रौशनी नारंग, लाकेश्वरी जगत, हितकारणी देवांगन, योगेश्वरी घोघरे, राधारानी सोनी एवं जिले के कई विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पंचायत सदस्यगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। शिविर की व्यापक सफलता ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रशासनिक संकल्प और समाजिक सहयोग से जनस्वास्थ्य की दिशा में बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

मुख्य खबरें