संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए SDOP निशा सिन्हा मिला मुख्यमंत्री पुरस्कार, गरियाबंद पुलिस परिवार में खुशी की लहर

गरियाबंद। समाज के कमजोर एवं संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य के लिए गरियाबंद की अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) सुश्री निशा सिन्हा को मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को राजधानी रायपुर स्थित पुलिस ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उन्हें 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, महिलाओं, नाबालिग बालक-बालिकाओं तथा समाज के कमजोर वर्गों के विरुद्ध होने वाले अत्याचार एवं उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम और ऐसे मामलों में त्वरित वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रदेश के पांच पुलिस अधिकारियों का चयन वर्ष 2025 के मुख्यमंत्री पुरस्कार के लिए किया गया था। इसी सूची में गरियाबंद की एसडीओपी सुश्री निशा सिन्हा का चयन जिले के लिए गौरव का विषय बना।
सुश्री सिन्हा ने संवेदनशील एवं कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों में प्रभावी पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया। उनके कार्य में कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की झलक देखने को मिली, जिसके चलते उन्हें राज्य स्तर पर यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद गरियाबंद पुलिस परिवार में भी हर्ष का माहौल है। कलेक्टर श्री बीएस उइके एवं पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सुश्री निशा सिन्हा को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर श्री बीएस उइके एवं पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि सुश्री निशा सिन्हा को मिला यह सम्मान उनकी उत्कृष्ट कार्यक्षमता, कर्तव्य के प्रति समर्पण और संवेदनशील मामलों में प्रभावी कार्रवाई का प्रमाण है। समाज के कमजोर एवं संवेदनशील वर्गों को सुरक्षा और न्याय उपलब्ध कराना पुलिस एवं प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे अधिकारियों का सम्मान पूरे विभाग के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार जिले के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों को भी पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। विशेषकर कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों में त्वरित वैधानिक कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सुश्री सिन्हा का कार्य सराहनीय रहा है।
मुख्यमंत्री पुरस्कार से सुश्री निशा सिन्हा का सम्मानित होना न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह पूरे गरियाबंद जिले और गरियाबंद पुलिस परिवार के लिए भी गौरव का क्षण है।

मुख्य खबरें