10 सूत्रीय मांगों को लेकर ड्राइवर संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, समर्थन में पहुंचे विधायक जनक ध्रुव — कहा, “ड्राइवर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं”

छुरा :- प्रदेश ड्राइवर संघ के आह्वान पर शनिवार से शुरू हुई अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर पूरे प्रदेश के साथ-साथ छुरा अंचल में भी पूरी तरह देखने को मिल रहा है। छुरा वाहन चालक संघ ने नगर के बस स्टैंड में टेंट लगाकर धरना स्थल बनाया है, जहाँ दर्जनों ड्राइवर अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

शनिवार को ड्राइवर संघ ने रैली निकालकर अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय पहुँचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस बीच, बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव भी हड़ताली ड्राइवरों के बीच पहुँचकर अपना समर्थन जताया। उन्होंने कहा > “ड्राइवर सिर्फ गाड़ी के पहिए नहीं घुमाते, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाले असली पहिए हैं। उनकी पूरी जिंदगी सफर में गुजर जाती है, लेकिन उनके हितों पर कभी गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया। अब सरकार को उनकी आवाज सुननी ही होगी।”

 

धरना स्थल पर ड्राइवर संघ छुरा के अध्यक्ष रामानंद साहू ने कहा कि ड्राइवर समाज की मांगें पूरी तरह से जायज हैं।

उन्होंने कहा > “ड्राइवर दिन-रात जनता की सेवा में लगे रहते हैं, अपनी जान की परवाह किए बिना यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुँचाते हैं। लेकिन उम्र ढलने पर उनके पास न तो कोई पेंशन व्यवस्था होती है और न ही सुरक्षा। सरकार को ड्राइवरों की तकलीफ समझनी चाहिए और जल्द से जल्द उनके हित में ठोस निर्णय लेना चाहिए।”

 

ड्राइवर संघ की प्रमुख 10 सूत्रीय मांगों में ड्राइवरों के लिए पेंशन योजना, दुर्घटना बीमा, स्थायी पहचान पत्र, कार्यस्थल पर सुरक्षा, और श्रम कानून के दायरे में शामिल करने जैसी अहम मांगें शामिल हैं।

धरना स्थल पर सैकड़ों ड्राइवर मौजूद रहे। सबकी एक ही आवाज थी —
“जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक स्टीयरिंग नहीं घूमेंगी!”

पूरा नगर बस स्टैंड पर रुके वाहनों की लंबी कतारें और शांत खड़े ट्रक-बोलरो ड्राइवरों के हक की इस लड़ाई के गवाह बन गए हैं।

मुख्य खबरें