10 सूत्रीय मांगों को लेकर ड्राइवर संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल, गाड़ियों के पहिए थमे — यात्रियों को भारी परेशानी

छुरा :- प्रदेश ड्राइवर संघ के आह्वान पर शनिवार से शुरू हुई अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर पूरे प्रदेश सहित छुरा अंचल में भी दिखाई देने लगा है। अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर ड्राइवरों ने कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया है। बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड और माल वाहक वाहनों के स्टैंड पर सन्नाटा पसरा हुआ है। सड़कों पर आम दिनों की तरह गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह थम चुकी है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छुरा बस स्टैंड में भी ड्राइवर संघ के सदस्यों ने टेंट लगाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। छुरा ड्राइवर संघ के अध्यक्ष रामानंद साहू ने बताया कि ड्राइवर दिन-रात अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा करते हैं, लेकिन उनके जीवन की सुरक्षा और भविष्य को लेकर सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
उन्होंने कहा —> “ड्राइवर की जिंदगी सड़कों पर गुजर जाती है। एक उम्र बीत जाने के बाद उनके पास न पेंशन होती है, न सुरक्षा की गारंटी। सरकार को चाहिए कि ड्राइवरों की पीड़ा को समझे और हमारी 10 सूत्रीय मांगों को तुरंत पूरा करे।”
ड्राइवर संघ की प्रमुख मांगों में पेंशन योजना की शुरुआत, दुर्घटना बीमा, स्थायी वेतनमान, काम के घंटों की सीमा तय करना, स्वास्थ्य बीमा, पारिवारिक सहायता योजना, और वाहन मालिकों की मनमानी पर रोक जैसी मांगें शामिल हैं।
हड़ताल के चलते बसों और मालवाहक वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद हो गया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक परिवहन सेवाएं ठप होने से लोग बस स्टैंडों पर घंटों तक गाड़ियों का इंतजार करते दिखे। छात्रों, कर्मचारियों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
छुरा अंचल के ड्राइवर संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, प्रशासन की ओर से हड़ताल खत्म कराने और बातचीत शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।
हड़ताल की वजह से छुरा सहित पूरे जिले में आवागमन व्यवस्था चरमरा गई है, और इसका असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है।
इस अवसर पर संरक्षक मानसिंग निषाद, अध्यक्ष रामानंद साहू,उपाध्यक्ष कमलेश सेन, कोषाध्यक्ष चुन्नीलाल निर्मलकर, सचिव हीरानंद साहू, संगठन मंत्री अख्तर खान, सह सचिव राकेश कोमर्रा, संचालक डिगेन्द्र गोस्वामी, आलम खान, सेवक राम, मनोज चंद्राकर, थामेश्वर मरकाम, धनेश नेताम, थानूराम साहू, गोविन्द दिवान, राधे यादव, हिरेन्द्र पटेल, त्रिलोक ध्रुव, संतोष सिन्हा, हेमलाल ठाकुर, आनंद सिन्हा, डिगेश विश्वकर्मा, किशन विश्वकर्मा, धनेश्वर ठाकुर, केदार कंवर, कान्हा स्वामी, हुमन तिवारी, किशोर कुमार, सोहन निर्मलकर, ठेलू निषाद, नरेन्द्र सेन, हरीश पटेल, नितेश बंजारे, राजू दिवान, चंद्रप्रकाश बंजारे, सुखदेव पटेल, ईश्वर निषाद, सोनू ठाकुर सहित बड़ी संख्या मे ड्राइवर संघ लोग उपस्थित थे!
