सुशासन तिहार शिविर बना अखाड़ा: अवैध शराब और राजस्व भ्रष्टाचार पर भड़के विधायक, मंच से ही अधिकारियों की जबरदस्त क्लास — थाना प्रभारी हटाने तक के दिए निर्देश

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी
छुरा :- सुशासन तिहार 2026 के तहत विकासखंड छुरा के ग्राम पाटशिवनी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर इस बार महज औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि जनता बनाम सिस्टम की सीधी टक्कर का मंच बन गया।
शिविर में पहुंचे राजिम विधायक रोहित साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष मीरा ठाकुर और जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा ने एक-एक मुद्दे पर खुलकर हमला बोलते हुए अधिकारियों को कड़े संदेश दिए।
शिविर में कलेक्टर भगवान सिंह उइके, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी और भारत माता के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुई। शिविर में कुल 393 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश मांग और शिकायत से जुड़े थे।
विधायक रोहित साहू “नेता नहीं, बेटा हूं — भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं”
मंच से संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने बेहद सख्त और आक्रामक अंदाज में कहा—
“हमारी सरकार का उद्देश्य है कि जनता को अपनी समस्या के लिए भटकना न पड़े। इसीलिए शासन-प्रशासन आज आपके बीच आया है। लेकिन अगर अधिकारी ही लापरवाही करेंगे, तो यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
उन्होंने राजस्व विभाग पर तीखा प्रहार करते हुए कहा—
“तहसीलदार और पटवारी ध्यान से सुन लें, जनता को सालों तक चक्कर कटवाना बंद करें। आपकी लापरवाही से सरकार की छवि खराब हो रही है। अब सुधार जाओ, वरना कार्रवाई तय है।”
अवैध कच्ची शराब के मुद्दे पर विधायक ने पुलिस विभाग को सीधे कटघरे में खड़ा करते हुए कहा—
“गांव-गांव में कच्ची शराब बिक रही है और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। यह बिल्कुल नहीं चलेगा। अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी, तो पुलिस पर ही कार्रवाई होगी।”
इसी दौरान विधायक ने मंच से ही पुलिस अधीक्षक को फोन लगाकर कहा “छुरा थाना प्रभारी को तत्काल हटाया जाए और नए अधिकारी की पदस्थापना की जाए।”
अपने संबोधन के अंत में विधायक ने सख्त चेतावनी दी
“राजिम की जनता ने नेता नहीं, बेटा चुना है। क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आएगी, लेकिन अगर किसी भी योजना या सरकारी काम में लेन-देन की शिकायत मिली, तो सीधे संबंधित अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई होगी — किसी को बख्शा नहीं जाएगा।”
जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने कहा “राजस्व विभाग बन गया जनता की सबसे बड़ी परेशानी”
जनपद पंचायत अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने मंच से सीधे राजस्व विभाग पर निशाना साधते हुए कहा—
“अगर आज सबसे ज्यादा कोई विभाग जनता को परेशान कर रहा है, तो वह राजस्व विभाग है। जमीन, नामांतरण, फौती जैसे छोटे-छोटे काम के लिए भी लोगों को सालों तक तहसील के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।”
उन्होंने अधिकारियों से आग्रह करते हुए कहा आज इस मंच पर विधायक, कलेक्टर, सीईओ और एसडीएम सभी मौजूद हैं। मैं सभी से निवेदन करती हूं कि यहीं से स्पष्ट निर्देश दिया जाए कि किसानों और आम लोगों को उनके काम के लिए भटकना न पड़े और तत्काल निराकरण किया जाए।”
जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा का भाषण: “40 हजार की मांग, यह सीधा उगाही है”
जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा ने अपने संबोधन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा—
“राजस्व विभाग के कर्मचारी अब खुलेआम पैसा मांग रहे हैं। हीराबतर के एक किसान से उसके काम के एवज में 40 हजार रुपये की मांग की गई है, जो पूरी तरह गलत और निंदनीय है।”
उन्होंने अवैध शराब के मुद्दे को उठाते हुए कहा
“छुरा क्षेत्र के गांव-गांव में अवैध कच्ची शराब बेची जा रही है। इससे गांव का माहौल खराब हो रहा है, लेकिन पुलिस विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।”
जनता की सीधी भागीदारी: मंच पर ही जवाब-तलब
शिविर में विधायक रोहित साहू ने खुद खड़े होकर आम जनता को माइक दिया।
ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं—राजस्व मामलों में देरी अवैध शराब की बिक्री शासकीय योजनाओं में लापरवाही की शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल मंच पर बुलाया गया जवाब मांगा गया और मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए
योजनाओं की झलक
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 5 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई
कृषि विभाग द्वारा विकसित कृषि संकल्प अभियान रथ को विधायक रोहित साहू ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
इस अवसर पर प्रमुख रूप से राजेश साहू प्रदेश कार्यसमिति सदस्य,जनपद उपाध्यक्ष कुलेश्वर सोनवानी,सरपंच संघ अध्यक्ष पन्नालाल ध्रुव, जनपद सदस्य अवध साहू, पंकज निर्मलकर,सतीश यादव, पीलू यादव, राजू साहू,महामंत्री पालेंद्र साहू,जनपद सभापति हेमलता सिन्हाजनपद सदस्य उत्तरा ठाकुर, विष्णु नागेश, भेषमती रूपसिंह साहू, पुष्पा सिन्हा,सरपंच हेमलाल ध्रुव (रानीपरतेवा),सरपंच चंपेश्वर ध्रुव (पाटशिवनी),सरपंच चूमन ठाकुर (अकलवारा),सुरेश निर्मलकर
शाला विकास समिति अध्यक्ष,आनंद राजपूत,नरेश दिवान,सरपंच योगेश नागेश (देवगांव),दिशांक चंद्राकर, मोंटू यादव,एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासीउपस्थित थे!
“अब सिस्टम नहीं सुधरा, तो कुर्सी जाएगी”
पाटशिवनी का यह शिविर एक कड़ा संदेश देकर गया—
अवैध शराब पर अब ढिलाई नहीं चलेगी
राजस्व विभाग की मनमानी पर लगाम लगेगी
जनता की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई होगी
जिस तेवर में जनप्रतिनिधियों ने मंच से अधिकारियों को घेरा, उससे साफ है अब फाइलों में नहीं, मैदान में फैसले होंगे… और जिम्मेदारी तय होकर रहेगी।
