स्वस्थ तन, संतुलित मन और श्रेष्ठ विचारों के साथ,संस्कृति, संस्कार और स्वाभिमान से जोड़ता है योग : लुकेश्वरी निषाद

छुरा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर पंचायत एवं जनपद पंचायत छुरा के संयुक्त तत्वावधान में आदर्श पूर्व माध्यमिक शाला छुरा परिसर में उत्साह, अनुशासन और जनभागीदारी के साथ 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही, जिसके अनुरूप सैकड़ों नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
विकासखंड स्तरीय योगाभ्यास का संचालन एससीईआरटी के राज्य स्तरीय योग प्रशिक्षक शंकर लाल यदु, भारत स्वाभिमान न्यास के जिलाध्यक्ष संतराम कंवर, छत्तीसगढ़ योग आयोग के मास्टर ट्रेनर एवं पतंजलि योग समिति के जिलाध्यक्ष योगविद् अर्जुन धनंजय सिन्हा, युवा भारत के जिलाध्यक्ष मिथलेश सिन्हा, माय भारत के जिला स्वयंसेवक नरेन्द्र साहू तथा शीतल ध्रुव के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात ओम् की पवित्र ध्वनि, प्रणव प्राणायाम और संगठन मंत्र के साथ योग संगम एवं हरित योग का शुभारंभ किया गया। योग प्रशिक्षकों ने प्रोटोकॉल के अनुरूप शिथिलीकरण क्रियाओं के साथ ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, भुजंगासन, मकरासन, पवनमुक्तासन, हलासन तथा शवासन सहित विभिन्न योगासन कराए और उनके लाभ एवं सावधानियों की जानकारी दी।
योगाचार्य शंकर लाल यदु ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि तन, मन और आत्मा को जोड़ने वाली जीवन पद्धति है। योग से स्वास्थ्य, शक्ति, संतुलन और सफलता प्राप्त होती है।
छत्तीसगढ़ योग आयोग के मास्टर ट्रेनर एवं पतंजलि योग समिति के जिलाध्यक्ष अर्जुन धनंजय सिन्हा ने कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, शीतली प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराते हुए कहा कि योग को सही विधि और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में करना चाहिए। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए नशामुक्त, स्वच्छ, स्वस्थ और समृद्ध छत्तीसगढ़ का संकल्प दोहराया।
योगाचार्य मिथलेश सिन्हा ने सिंहासन, हास्यासन एवं शांति पाठ कराया, जबकि नरेन्द्र साहू ने योगाभ्यास में विशेष सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्थिरता प्रदान कर जीवन में आत्म-संतुलन स्थापित करता है। नियमित योग स्वस्थ और सफल जीवन की कुंजी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो हमें संस्कृति, संस्कार और स्वाभिमान से जोड़ता है। स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ नगर और नियमित योग दोनों आवश्यक हैं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी सतीश चंद्रवंशी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “पहला सुख निरोगी काया”, स्वस्थ शरीर ही जीवन के प्रत्येक कार्य को सार्थक और सुखद बनाता है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अर्जुन धनंजय सिन्हा ने किया। इस अवसर पर योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र एवं टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के पार्षद सलीम मेमन, सभापति रजनी लहरे एवं गरिमा ध्रुव, पतंजलि योग समिति के जिला संरक्षक यशवंत यादव, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक प्रेमदास मार्कण्डेय, सहायक मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर.के. ध्रुव, प्राचार्य एन.सी. साहू, प्रधानपाठक जोहरा फातिमा कुरैशी, कृषि विशेषज्ञ रोमन लाल ठाकुर, सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी एवं सैकड़ों नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास का लाभ उठाया।
योग से गूंजा छुरा, स्वस्थ और नशामुक्त समाज का लिया संकल्प
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने न केवल लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया, बल्कि भारतीय संस्कृति, अनुशासन और सामूहिक चेतना का भी अद्भुत संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला, जहां सभी ने स्वस्थ, स्वच्छ, नशामुक्त और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लिया।h

मुख्य खबरें