दुल्ला में पुलिस का जागरूकता अभियान, नए कानूनों से लेकर साइबर अपराध तक दी महत्वपूर्ण जानकारी,थाना प्रभारी छुरा निरीक्षक ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल ने कहा कि बदलते समय के साथ कानूनों और तकनीक की जानकारी होना आवश्यक है

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी
छुरा। युवाओं और विद्यार्थियों को कानूनों की जानकारी तथा साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से थाना छुरा द्वारा सोमवार 22 जून 2026 को ग्राम पंचायत दुल्ला स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को नवीन भारतीय कानूनों, साइबर अपराधों, महिला एवं बाल संरक्षण तथा नशामुक्ति के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी छुरा निरीक्षक ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल ने कहा कि बदलते समय के साथ कानूनों और तकनीक की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नवीन भारतीय कानून भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) के बारे में सरल भाषा में जानकारी देते हुए बताया कि इन कानूनों का उद्देश्य न्याय व्यवस्था को अधिक सशक्त, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
“एक क्लिक की गलती बन सकती है भारी”, साइबर ठगी से बचने किया जागरूक
थाना प्रभारी श्री गंगवाल ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया के जरिए होने वाली धोखाधड़ी, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान तथा बैंकिंग फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी विद्यार्थियों को दी गई। उन्होंने किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
महिला सुरक्षा और नशामुक्त समाज के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम में महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, हिंसा अथवा अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दी जानी चाहिए। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
‘समाधान’ और ‘अभिव्यक्ति’ एप की दी जानकारी, मौके पर कराया डाउनलोड
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं कर्मचारियों को छत्तीसगढ़ पुलिस के “समाधान” और “अभिव्यक्ति” मोबाइल एप की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई तथा उनके मोबाइल फोन में एप डाउनलोड कराकर पुलिस सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों में कानून, साइबर सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने थाना छुरा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानून के प्रति समझ विकसित करने के साथ-साथ उन्हें साइबर अपराधों और सामाजिक बुराइयों से सुरक्षित रहने के प्रति अधिक जागरूक बनाएंगे।
