कन्या स्कूल मर्ज करने पर भड़की छात्राएं, किया चक्काजाम – घंटों थमी रही यातायात

 

गरियाबंद। जिले के फिंगेश्वर में शनिवार को छात्राओं का गुस्सा उस समय सड़क पर फूट पड़ा जब शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मर्ज कर दिया गया। मर्ज आदेश से नाराज़ सैकड़ों छात्राओं ने फिंगेश्वर-राजिम मुख्य मार्ग पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए इस विरोध से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

छात्राओं का आरोप है कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने नियमों को ताक पर रखकर मनमाने तरीके से स्कूल का विलय कर दिया। उनका कहना था कि कन्या विद्यालय की पहचान और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला यह फैसला उन्हें किसी भी हाल में मंजूर नहीं है। जब तक आदेश निरस्त नहीं किया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

 

सूचना मिलते ही राजिम एसडीएम विशाल महाराणा, तहसीलदार अंजलि खलको और थाना प्रभारी गौतम गांवडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्राएं अपनी मांग पर अडिग रहीं। उनका कहना था कि पढ़ाई और माहौल दोनों ही प्रभावित होंगे, इसलिए यह मर्ज किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है।

 

धरने को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का भी समर्थन मिला, जिससे छात्राओं का उत्साह और बढ़ गया। स्थानीय लोगों ने भी छात्राओं की मांग को सही ठहराते हुए प्रशासन से निर्णय पर पुनर्विचार की अपील की।

 

फिलहाल प्रशासन के समझाइश के बाद कुछ देर के लिए जाम खोला गया, लेकिन छात्राओं ने साफ कर दिया है कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज होगा।

 

👉 यह मामला अब जिले में गरमाया हुआ है और शिक्षा विभाग पर दबाव बढ़ता जा रहा है कि वह जल्द से जल्द विवादास्पद आदेश पर पुनर्विचार करे।

मुख्य खबरें