धर्म, भक्ति और उत्साह से गूंजा छुरा — हिंदू नववर्ष पर निकली भव्य शोभायात्रा, मानस मंदिर बना आस्था का केंद्र

छुरा। नगर के मानस मंदिर प्रांगण में हिंदू नववर्ष का आगाज इस बार ऐतिहासिक और भव्य अंदाज में हुआ। पूरे शहर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने माहौल को पूरी तरह धर्ममय बना दिया। वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ-हवन, पंचांग पूजन और कलश पूजन के साथ नववर्ष का शुभारंभ हुआ, वहीं शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
सुबह से ही मानस मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यज्ञेश महाराज के सान्निध्य में विधिवत यज्ञ-हवन संपन्न कराया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुति देकर नववर्ष के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद पंचांग पूजन कर नए वर्ष के शुभ मुहूर्त, तिथियों और ग्रह-नक्षत्रों की जानकारी दी गई, जिससे उपस्थित जनसमूह को धार्मिक और ज्योतिषीय मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
कलश पूजन के साथ ही मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उल्लास के साथ पर्व मनाया।
इसके पश्चात मानस मंदिर से बजरंग चौक तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भगवा ध्वजों की लहर और “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक परिधानों में शामिल हुईं, जिससे दृश्य अत्यंत आकर्षक और भक्ति से ओत-प्रोत नजर आया।
बजरंग चौक पहुंचकर भगवान बजरंगबली की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद यात्रा मां शीतला मंदिर पहुंची, जहां माता रानी की पूजा कर नगरवासियों के कल्याण की कामना की गई। अंत में शोभायात्रा पुनः मानस मंदिर पहुंची, जहां प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
इस भव्य आयोजन में गोपाल सोनी, निखिल साहू, अखिल चौबे, नीरज नायक, शीतल ध्रुव, मिथलेश सिन्हा, हीरालाल साहू, सफर सचदेव, नरेंद्र पटेल, नारायण पटेल, महेंद्र पटेल, ईश्वर सिन्हा, ललित राठौर, अजय चंद्राकर, कुश साहू, कुलेश्वर सिन्हा, मनीष शारडा, टिकेश्वरी साहू, नर्मदा सिन्हा, रुद्रांशी सिन्हा, कमल कंसारी, रजत कुकरेजा, एलिका सिन्हा, कुलेश्वरी देवांगन, कमला यादव, प्रहलाद पटेल, तेजेश्वरी कंवर, हेमनारायण देवांगन, अल्का सिन्हा, कविता यदु, टोमन ठाकुर, कमला बरिहा, प्रदीप गुप्ता, महेश सचदेव, हरीश सचदेव, सुनील सचदेव, यशवंत यादव, प्रेम साहू, विक्कू चंद्राकर, किरण शर्मा, प्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मुख्य खबरें