टोचन के दौरान पलटी बोलेरो, बड़ा हादसा टला: ब्रेजा कार को खींचते समय परसदा आश्रम के पास हुआ हादसा, सभी सुरक्षित

छुरा। गरियाबंद जिले के छुरा क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। खराब हुई ब्रेजा कार को टोचन कर छुरा लाते समय बोलेरो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि दोनों वाहनों में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को भी चोट नहीं आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छुरा नगर पंचायत के एल्डरमेन धर्मेंद्र चंद्राकर की रिश्तेदार की ब्रेजा कार मुड़ागांव के पास तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई थी। सूचना मिलने पर धर्मेंद्र चंद्राकर बोलेरो वाहन लेकर मौके पर पहुंचे और ब्रेजा कार को टोचन के माध्यम से छुरा लाया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि सुबह लगभग 11 बजे जब दोनों वाहन परसदा आश्रम के पास पहुंचे, तभी अचानक जोरदार ब्रेक लगने से टोचन कर रही बोलेरो का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के दौरान पीछे बंधी ब्रेजा कार भी रुक गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती थी, लेकिन चालक की सूझबूझ और किस्मत के चलते बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे तथा पलटी बोलेरो में सवार लोगों को बाहर निकाला। हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि वाहन में सवार एल्डरमेन धर्मेंद्र चंद्राकर सहित सभी लोग सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि हादसे के समय सामने से कोई अन्य वाहन आ रहा होता या बोलेरो तेज रफ्तार में होती, तो दुर्घटना कहीं अधिक गंभीर रूप ले सकती थी। घटना के बाद दोनों वाहनों को सुरक्षित हटाने की कार्रवाई की गई।
स्थानीय लोगों ने कहा कि टोचन के दौरान पर्याप्त सावधानी, नियंत्रित गति और सुरक्षित दूरी का पालन करना बेहद जरूरी है। छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। मंगलवार की यह घटना इसी बात की चेतावनी है कि सड़क पर सुरक्षा नियमों का पालन हर परिस्थिति में आवश्यक है।

मुख्य खबरें