विभाजन की विभीषिका को याद करने छुरा में आज शुक्रवार जुटेगा भाजपा का जनसमूह, सांसद रूपकुमारी चौधरी होंगी मुख्य वक्ता मानस मंदिर में जिला स्तरीय कार्यक्रम, सभा के बाद निकलेगा मौन जुलूस; शहीदों को श्रद्धांजलि देकर एकता-अखंडता का लिया जाएगा संकल्प

छुरा। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला गरियाबंद द्वारा 14 अगस्त को छुरा में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभाजन की त्रासदी में अपने प्राण गंवाने वाले लाखों देशवासियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को स्मरण किया जाएगा। साथ ही देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया जाएगा।
कार्यक्रम मानस मंदिर, छुरा में दोपहर 3 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी रहेंगी। भाजपा संगठन ने जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम के पश्चात नगर में मौन जुलूस निकाला जाएगा। मौन जुलूस के माध्यम से विभाजन के दौरान विस्थापन, हिंसा और पीड़ा झेलने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की जाएगी तथा देशवासियों को राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने समस्त मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों, ज्येष्ठ-श्रेष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। वहीं महामंत्री आशीष शर्मा एवं चंद्रशेखर साहू तथा भाजपा मंडल छुरा अध्यक्ष खोमन चंद्राकर ने भी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल इतिहास की एक त्रासदी को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों को एकता, अखंडता, भाईचारे और राष्ट्रहित के प्रति जागरूक करने का अवसर भी है। कार्यक्रम के माध्यम से विभाजन की पीड़ा को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया जाएगा।
