होली से पहले किसानों को बड़ा तोहफा: 1 क्लिक में खाते में पहुंची धान की अंतर राशि, छुरा में गूंजा किसान सम्मान का उत्सव, अंतर राशि डलते ही किसानो के चेहरे खिले
होली से पहले किसानों को बड़ा तोहफा: 1 क

छुरा :- होली के रंगों से पहले किसानों के चेहरों पर खुशियों की रंगत साफ नजर आई। शनिवार को छुरा के सांस्कृतिक भवन में कृषि विभाग द्वारा कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं वृहद किसान सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रभर के किसानों की भारी उपस्थिति रही और पूरा वातावरण उत्साह एवं गर्व से सराबोर दिखा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत छुरा अध्यक्ष श्रीमती मीरा ठाकुर, विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत गरियाबंद के कृषि सभापति लेखराज ध्रुवा, वन सभापति शिवांगी चतुर्वेदी, नगर पंचायत छुरा अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अतिथियों ने माँ सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया
इस अवसर पर प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा राज्यभर के किसानों के खातों में एक क्लिक के माध्यम से धान खरीदी की अंतर राशि सीधे हस्तांतरित करने का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
मुख्यमंत्री के संबोधन को किसानों ने बड़े ध्यान से सुना और तालियों की गूंज से स्वागत किया।
छुरा विकासखंड की 17 समितियों के 16,708 किसानों के खातों में कुल 74 करोड़ 59 लाख 5 हजार 490 रुपये की अंतर राशि सीधे जमा की गई। राशि मिलने की सूचना मिलते ही किसानों के चेहरों पर संतोष और प्रसन्नता झलक उठी।
बाजार में भी रौनक बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, क्योंकि होली से पहले यह आर्थिक संबल किसानों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
मुख्यातिथि मीरा ठाकुर ने कहा कि यह केवल राशि वितरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसान सम्मान का उत्सव है। सरकार ने किसानों से किया गया वादा पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया है। उन्होंने कहा कि धान की अंतर राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि किसानों के परिश्रम का सम्मान है। होली जैसे पावन पर्व से पहले यह राशि प्रदान कर सरकार ने अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया है।
विशेष अतिथि लेखराज ध्रुवा ने कहा कि भाजपा सरकार किसान हितैषी सरकार है। कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने, आधुनिक तकनीक से जोड़ने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और उचित मूल्य सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसान समृद्ध होगा तो बाजार मजबूत होगा और राज्य की अर्थव्यवस्था सशक्त बनेगी।
वन सभापति शिवांगी चतुर्वेदी ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं। जब तक किसान आर्थिक रूप से सशक्त नहीं होगा, तब तक समग्र विकास संभव नहीं है। सरकार अन्नदाताओं की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है।
होली के पूर्व धान की अंतर राशि मिलने से किसानों में उत्साह का माहौल है। गांव से लेकर बाजार तक अब रौनक बढ़ने की उम्मीद है, और किसान परिवार इस बार होली को और अधिक हर्षोल्लास के साथ मनाने को तैयार है!
इस अवसर पर एस एस सोम शाखा प्रबंधक छुरा,ओ पी यादव शाखा प्रबंधक खड़मा,बी के शांडिल्य वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी छुरा,पुष्पलता ध्रुव विषय वस्तु विशेषज्ञ.अमित सिंह प्रभारी डबल लॉक (सहकारिता सभापति),हरिश्चंद साहू सुपरवाइजर,राजेंद्र पटेल डबल लॉक प्रभारी छुरा,ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी रोमनलाल ठाकुर ,संजय बघेल ,शिवकुमार साहू,संजय ध्रुव,हेमंत ध्रुव, अल्का ध्रुव , पुस्तम चौहान, संदीप प्रधान ,सनत दिवान शीतल ध्रुव,एवं समस्त समिति प्राधिकृत अधिकारी व समस्त समिति प्रबंधक और किसान मित्र और किसान भाई उपस्थित थे ।
