गरियाबंद के 14वें कलेक्टर बने रणबीर शर्मा, संभाला जिले की कमान,शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत और बेहतर क्रियान्वयन पहली प्राथमिकता : कलेक्टर रणबीर शर्मा

संवाददाता – अनीश सोलंकी
गरियाबंद। गरियाबंद जिले के प्रशासनिक मुखिया के रूप में नवनियुक्त कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने शुक्रवार को जिला कार्यालय पहुंचकर निवर्तमान कलेक्टर श्री बीएस उइके से विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इसके साथ ही 2012 बैच के आईएएस अधिकारी रणबीर शर्मा गरियाबंद जिले के 14वें कलेक्टर के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
पदभार ग्रहण के दौरान निवर्तमान कलेक्टर श्री बीएस उइके ने नवनियुक्त कलेक्टर श्री शर्मा को पुष्पगुच्छ भेंटकर नए दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
विकास कार्यों और योजनाओं की ली जानकारी
पदभार संभालने के बाद कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने जिला स्तरीय अधिकारियों से परिचयात्मक चर्चा की तथा जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं शासन की योजनाओं की सामान्य जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों के साथ जिले के विकास की गति को और तेज करने को लेकर चर्चा की।
इस दौरान कलेक्टर श्री शर्मा ने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत और बेहतर क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
समाज कल्याण विभाग के संचालक रह चुके हैं शर्मा
उल्लेखनीय है कि 2012 बैच के आईएएस अधिकारी श्री रणबीर शर्मा इससे पहले समाज कल्याण विभाग के संचालक के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें गरियाबंद जिले की प्रशासनिक कमान सौंपी गई है।
विभागीय अधिकारियों के साथ की परिचयात्मक बैठक
पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर श्री शर्मा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक ली। बैठक में जिले में संचालित योजनाओं, विकास कार्यों एवं प्रशासनिक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए उन्होंने अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर, श्री नवीन भगत सहित समस्त एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
नई प्रशासनिक पारी से जिले को विकास की नई उम्मीद
नवनियुक्त कलेक्टर रणबीर शर्मा के पदभार ग्रहण के साथ ही गरियाबंद जिले में प्रशासनिक स्तर पर नई पारी की शुरुआत हुई है। शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने, विकास कार्यों में तेजी लाने और आमजन को सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ दिलाने की दिशा में अब जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर लोगों की नजर रहेगी।
