रात के अंधेरे में घर से उड़ाई बाइक, लेकिन छुरा पुलिस के शिकंजे से नहीं बच पाया शातिर चोर… 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार,चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

मुखबिर तंत्र और सक्रिय पेट्रोलिंग का दिखा असर, आरोपी ने दूसरे वाहन की चाबी से स्टार्ट कर की थी चोरी, न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी 

छुरा। गरियाबंद जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना छुरा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। त्वरित कार्रवाई से न केवल फरियादी को उसकी बाइक वापस मिली, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय चोरों के लिए भी कड़ा संदेश गया है कि कानून के हाथों से बच पाना अब आसान नहीं होगा।

गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, चोरी, लूट, अवैध कारोबार तथा अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार सघन पेट्रोलिंग, मुखबिर तंत्र को मजबूत करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में थाना छुरा पुलिस लगातार सक्रिय थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 1 अगस्त 2026 को थाना छुरा क्षेत्र के ग्राम कनसिंघी निवासी चमन लाल कुजांम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MP 9056 घर के परछी में खड़ी थी। रात करीब 3 बजे अज्ञात चोर ने मोटरसाइकिल चोरी कर ली। सुबह वाहन नहीं मिलने पर उन्होंने थाना छुरा पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी।

मुखबिर की सूचना बनी सफलता की कुंजी

घटना के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार मुखबिरों को सक्रिय किया और संभावित ठिकानों पर निगरानी शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई तथा चोरी की मोटरसाइकिल की तलाश तेज कर दी गई। पुलिस की लगातार मेहनत आखिरकार रंग लाई।
4 अगस्त 2026 को पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ की। पहले तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली।

दूसरी बाइक की चाबी से कर दी चोरी

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गुलाब सिंह नागेश, पिता भुनेश्वर नागेश, उम्र 35 वर्ष, निवासी कनसिंघी बोईरडीह, थाना छुरा, जिला गरियाबंद बताया। आरोपी ने खुलासा किया कि उसने प्रार्थी के घर के पास रखी दूसरी मोटरसाइकिल की चाबी का उपयोग कर चोरी की गई बाइक को स्टार्ट किया और मौके से फरार हो गया।
आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (CG 04 MP 9056) बरामद कर ली। बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी करते हुए वाहन को जब्त कर लिया।

बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई, भेजा गया जेल

मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) एवं 331(4) के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

छुरा पुलिस की तत्परता की क्षेत्र में सराहना

मोटरसाइकिल चोरी जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के वाहन की बरामदगी से छुरा पुलिस की कार्यशैली की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस की सक्रियता से यह स्पष्ट संदेश गया है कि अपराध करने वाले चाहे कितनी भी चालाकी क्यों न करें, कानून के लंबे हाथ उन्हें देर-सबेर पकड़ ही लेते हैं। जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर गरियाबंद पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है, जिससे आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।

मुख्य खबरें