टूटते रिश्तो की दर्दनाक कहानी : इश्क, आत्महत्या और अब मौत का फंदा… पहली पत्नी प्रेमी संग फरार, दूसरी ने दी जान, अब युवक की जंगल में पेड़ से लटकी मिली लाश से सनसनी

रिपोर्टर अनीश सोलंकी 

छुरा। गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड से एक बेहद सनसनीखेज और रहस्यमयी मामला सामने आया है। ग्राम टोनहीडबरी के जंगल में एक युवक की पेड़ से फंदे पर लटकती लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह जब ग्रामीण जंगल की ओर गए तो उन्होंने एक युवक का शव पेड़ पर लटका देखा। यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए और तुरंत इसकी सूचना छुरा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही छुरा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पेड़ से नीचे उतारा गया। जांच के दौरान मृतक की पहचान फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम बेलर निवासी 30 वर्षीय रोहित ध्रुव के रूप में हुई।
इस मामले की पृष्ठभूमि जितनी दर्दनाक है उतनी ही चौंकाने वाली भी है। बताया जा रहा है कि रोहित ध्रुव की पहली पत्नी उसे छोड़कर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। पत्नी के जाने के बाद टूट चुके रोहित ने कुछ समय बाद ग्राम बेलर में दूसरी शादी की, लेकिन किस्मत ने उसका साथ यहां भी नहीं दिया।
बताया जाता है कि करीब एक माह पहले ही उसकी दूसरी पत्नी ने भी अपने मायके ग्राम बेलर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। दूसरी पत्नी की मौत के बाद से रोहित गहरे सदमे में चला गया था और अक्सर चुपचाप रहने लगा था।
कुछ दिनों से वह अपने रिश्तेदारों के यहां ग्राम टोनहीडबरी में रह रहा था। परिजनों के मुताबिक बुधवार की रात वह बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। परिवार वालों को लगा कि वह आसपास ही कहीं गया होगा, लेकिन गुरुवार सुबह उसकी लाश जंगल में पेड़ से फंदे पर लटकती मिली।
घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों और ग्रामीणों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक पुलिस अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
लगातार हुए पारिवारिक घटनाक्रम और अब युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इसे एक दुखद और रहस्यमयी घटनाक्रम मान रहे हैं।

मुख्य खबरें