सड़क सुरक्षा को लेकर गरियाबंद पुलिस सख्त, एक हफ्ते में 43 “ड्रंक एंड ड्राइव” मामलों पर कार्यवाही

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर न्यायालयीन प्रकरण दर्ज, मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने वालों को दी कड़ी चेतावनी
गरियाबंद। जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस द्वारा इन दिनों सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर के दिशा-निर्देश पर पिछले एक सप्ताह से जिलेभर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इस विशेष अभियान के दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुए कुल 43 मामलों में “ड्रंक एंड ड्राइव” के तहत न्यायालयीन प्रकरण दर्ज कर अर्थदण्ड की कार्यवाही की गई। पुलिस द्वारा विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर वाहन चालकों की सघन जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वालों को तत्काल पकड़कर कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाकर परिवहन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। ऐसे वाहन चालकों को समझाइश देते हुए सख्त चेतावनी दी गई कि मालवाहक वाहनों का उपयोग केवल सामान ढोने के लिए ही करें, सवारी ढोना कानूनन अपराध है और भविष्य में ऐसा पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गरियाबंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और अपनी तथा दूसरों की जान को खतरे में न डालें। पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
