मैनपुर में पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: सड़कों-तालाबों से गायब हुई शराबखोरी, तस्करों में हड़कंप, थाना प्रभारी शिवशंकर हुर्रा के नेतृत्व में ताबड़तोड़ गश्त, सार्वजनिक जगहों पर मदिरापान करने वालों पर कड़ी कार्रवाई

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी

मैनपुर :-नगर में कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए मैनपुर पुलिस ने ऐसा अभियान छेड़ा है, जिसने असामाजिक तत्वों की कमर तोड़ दी है। शाम ढलते ही सक्रिय हो जाने वाली पुलिस टीम अब बाजार, तालाब और मुख्य सड़कों पर लगातार गश्त कर रही है, जिससे सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों में जबरदस्त खौफ देखने को मिल रहा है।

कुछ दिन पहले तक जहां तालाब किनारे, बाजार चौक और सड़क के आसपास खुलेआम शराब की महफिलें सजती थीं, वहीं अब पुलिस की सख्ती के चलते ये नजारे पूरी तरह गायब हो गए हैं। शराब पीकर बोतलें फोड़ने और राहगीरों के लिए खतरा पैदा करने वाले तत्वों पर नकेल कस दी गई है।

जनता को बड़ी राहत

पुलिस की इस कार्रवाई से नगरवासियों ने राहत की सांस ली है। सार्वजनिक जगहें अब पहले से ज्यादा साफ, सुरक्षित और व्यवस्थित नजर आ रही हैं। खासकर शाम के समय महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की आवाजाही अब सहज हो गई है।

अवैध कारोबार पर भी बड़ा प्रहार

मैनपुर पुलिस ने सिर्फ सार्वजनिक मदिरापान तक ही खुद को सीमित नहीं रखा है, बल्कि अवैध शराब बिक्री और गांजा तस्करी के खिलाफ भी व्यापक अभियान छेड़ रखा है। लगातार हो रही कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और वे छिपने को मजबूर हो गए हैं।

‘पुरानी पुलिस’ नहीं, अब एक्शन मोड में फोर्स

थाना प्रभारी शिवशंकर हुर्रा की अगुवाई में पुलिस अब सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि खुद मैदान में उतरकर स्थिति संभाल रही है। यही वजह है कि अपराधियों के बीच अब यह संदेश साफ पहुंच गया है कि मैनपुर में कानून से खिलवाड़ करना आसान नहीं।

नगर में चर्चा का विषय

लगातार मिल रही सफलता के बाद अब हर गली-मोहल्ले में पुलिस की इस सख्ती की चर्चा हो रही है। लोग खुलकर कह रहे हैं

“अब मैनपुर में कानून का डर लौट आया है, और यही असली बदलाव है।”

मैनपुर पुलिस का यह अभियान न सिर्फ असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगा रहा है, बल्कि पूरे क्षेत्र में कानून का मजबूत संदेश भी दे रहा है

“गलत करोगे, तो बख्शे नहीं जाओगे!”

मुख्य खबरें