महुआ फुल चोरी कांड का पर्दाफाश: मैनपुर पुलिस ने पकड़े 7 आरोपी, बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी
मैनपुर :- मैनपुर विकासखंड अंतर्गत भाटीगढ़ में संचालित शासकीय रुलर इंडस्ट्रियल रिपा सेंटर में बीते तीन माह से चल रही महुआ फुल की चोरी का बड़ा खुलासा हुआ है। ग्रामीणों के स्व-सहायता समूह द्वारा खरीदे गए सैकड़ों बोरी महुआ में से 100 से अधिक बोरे रहस्यमय तरीके से गायब हो गए थे। इसके साथ ही सेंटर में लगे कई पंखे और मोटर पंप भी चोरी हो गए थे, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त था।
इस पूरे मामले की शिकायत मिलने पर मैनपुर पुलिस हरकत में आई और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए चोरी के सामानों को विभिन्न स्थानों से बरामद किया। अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश तेज़ी से जारी है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पुलिस ने महुआ फुल के बोरे, दो मोटर पंप, पंखे और अन्य सामग्री जब्त की है। आज मैनपुर थाना परिसर में आरोपियों को प्रस्तुत कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
थाना प्रभारी का बयान:
मैनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि यह सुनियोजित चोरी की वारदात थी, जिसमें करीब 10 से 15 लोगों का गिरोह सक्रिय था। आरोपियों ने महुआ बोरे चुराकर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर बेच दिया था। पुलिस ने लगातार निगरानी और मुखबिरी के माध्यम से इस पूरे नेटवर्क को ट्रैक कर सफलता हासिल की है।
जारी है कार्रवाई:
फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के सभी सदस्य जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।
ग्रामीणों में राहत की सांस:
इस कार्रवाई के बाद भाटीगढ़ क्षेत्र के ग्रामीणों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। लंबे समय से चल रही चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों को अब न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।
