विधायक रोहित साहू की पहल से छुरा-गरियाबंद मार्ग पर शुरू हुआ बड़ा सुधार कार्य,लंबे समय से बदहाल सड़क में आई जान, लोगों ने कहा— अब मिल रही है असल राहत

छुरा :- छुरा-गरियाबंद मुख्य मार्ग पर पिछले कई महीनों से बदहाली हावी थी। लगातार बारिश के कारण सड़क किनारों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे, जिससे वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ती जा रही थीं। हालात इतने खराब हो चुके थे कि रोजाना इस मार्ग पर छोटे-बड़े हादसे होना आम बात बन गई थी। सड़क किनारे बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को साइड देने तक में खतरा महसूस होता था। कई बार तो ऐसी स्थिति बनती थी कि चारपहिया वाहन चालकों के बीच तू-तू मैं-मैं, बहसबाजी और यहां तक कि हाथापाई तक की नौबत आ जाती थी।स्थानीय लोगों ने बार-बार समस्या उठाई, लेकिन समाधान नहीं मिल पा रहा था। बढ़ती जनपीड़ा को देखते हुए राजिम विधायक रोहित साहू ने इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सड़क सुधार कार्य की ज़िम्मेदारी अपने हाथों में ली। विधायक द्वारा संबंधित विभाग को निर्देश जारी किए गए और बिना देरी किए सड़क की दोनों पट्टियों पर गड्ढों की मरम्मत का काम तेज रफ्तार में शुरू करा दिया गया।वर्तमान में सड़क के दोनों किनारों पर मुरुम डलवाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जेसीबी और ट्रैक्टरों की मदद से गहरे गड्ढों को समतल किया जा रहा है। सड़क किनारे की पट्टी मजबूती के साथ भराई जा रही है, जिससे वाहनों को सुरक्षित रूप से साइड देने में आसानी होगी। कार्य की गति देखकर क्षेत्र के लोग विशेष रूप से संतुष्ट हैं, क्योंकि बारिश के बाद पहली बार इस मार्ग पर इतने बड़े पैमाने पर सुधार कार्य हो रहा है।
इस कार्य के पूरा होते ही न केवल सड़क चौड़ी और सुरक्षित दिखाई देने लगी है, बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी काफी हद तक कम हो जाएगी। रोजाना छुरा और गरियाबंद के बीच आवाजाही करने वाले हजारों लोग अब राहत महसूस कर रहे हैं। राहगीरों ने कहा कि”महीनों से इस सड़क पर जान जोखिम में डालकर चलना पड़ रहा था। अब विधायक रोहित साहू के प्रयास से सड़क फिर से चलने लायक बन रही है। यह काम हमारे लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं।” स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने सड़क सुधार को क्षेत्र की बड़ी जरूरत बताया और विधायक रोहित साहू का दिल से आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि विधायक द्वारा शुरू कराया गया यह कार्य उनके जमीनी प्रयास और जनसमस्याओं के प्रति गंभीरता को दर्शाता है।इसके साथ ही नागरिकों ने आगे मांग की है कि छुरा-गरियाबंद मार्ग का पूरी तरह डामरीकरण व व्यापक मरम्मत भी जल्द कराया जाए, ताकि आने वाले वर्षों तक सड़क की स्थिति मजबूत और स्थायी बनी रहे।क्षेत्र में इस बड़े सुधार कार्य को लेकर खुशी का माहौल है और सड़क पर काम जारी रहने से लोगों में उम्मीद की नई किरण जगी है कि अब यह मार्ग फिर से पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनारहित बनेगा।
