गरियाबंद जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : 5 तहसीलदारों के तबादले, कलेक्टर के आदेश से राजस्व व्यवस्था में नई कसावट

गरियाबंद,। जिले की राजस्व प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर बी.एस. उइके ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पांच तहसीलदारों के कार्यस्थलों में बदलाव कर दिया है। इस संबंध में कलेक्टर कार्यालय से 16 मार्च को आदेश जारी कर दिया गया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। आदेश जारी होते ही राजस्व महकमे में हलचल तेज हो गई है और संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना स्थल पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार वर्तमान में तहसीलदार फिंगेश्वर के पद पर कार्यरत श्रीमती डिम्पल ध्रुव को तहसीलदार राजिम के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं तहसीलदार मैनपुर रमेश मेहता को स्थानांतरित करते हुए तहसीलदार फिंगेश्वर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में तहसीलदार राजिम मयंक अग्रवाल को तहसीलदार छुरा के पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं तहसीलदार अमलीपदर सुशील कुमार भोई को तहसीलदार मैनपुर की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही तहसीलदार छुरा गेंदलाल साहू को स्थानांतरित करते हुए तहसीलदार अमलीपदर बनाया गया है।
कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सुशील कुमार भोई, जो अधीक्षक भू-अभिलेख शाखा गरियाबंद के पद पर भी संबद्ध हैं, उनके वेतन-भत्ते और अन्य देयकों का आहरण उनके मूल पदस्थापना कार्यालय भू-अभिलेख शाखा गरियाबंद से ही किया जाएगा।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जिले में राजस्व कार्यों को और अधिक गति देने, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली को मजबूत करने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है। नई पदस्थापना के बाद अधिकारियों से उम्मीद की जा रही है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में राजस्व व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाते हुए आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में तेजी लाएंगे।

मुख्य खबरें