बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल, गांव-गांव आंदोलन की रणनीति तैयार

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी 

गरियाबंद। बढ़े हुए बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और महंगाई जैसे जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस ने अब आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। रविवार को जिला कांग्रेस भवन गरियाबंद में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में बिजली विभाग के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति पर मंथन किया गया। कांग्रेस ने साफ संकेत दिया कि बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर जनता की शिकायतों को अब गांव-गांव और बूथ स्तर तक ले जाकर सरकार के खिलाफ जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में जिले के लिए प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त प्रभारी एवं पूर्व विधायक-संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने की। विशेष अतिथि के रूप में विधायक जनक ध्रुव एवं जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम मौजूद रहे।

स्मार्ट मीटर पर कांग्रेस का बड़ा हमला

बैठक में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रभारी विनोद चंद्राकर ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और इन्हें लेकर उपभोक्ताओं के बीच कई तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई उपभोक्ता बिजली बंद रहने के बावजूद मीटर रीडिंग बढ़ने की शिकायत कर रहे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल के मुद्दे को केवल राजनीतिक मुद्दा न बनाकर जनता की वास्तविक समस्याओं से जोड़ते हुए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाए। बूथ स्तर तक कार्यकर्ता पहुंचें और उपभोक्ताओं की शिकायतों को एकत्रित कर उन्हें संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाएं।

बिजली बिल से परेशान जनता की आवाज बने कांग्रेस’

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर आम लोगों में नाराजगी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुंचकर जनता की समस्याएं सुननी होंगी। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की आवाज बने और जनहित के मुद्दों को मजबूती के साथ उठाए।
विधायक जनक ध्रुव ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस को जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांवों में सक्रियता बढ़ाने और आम लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने पर जोर दिया।

बिजली से लेकर महंगाई तक सरकार को घेरने की तैयारी

प्रभारी विनोद चंद्राकर ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और सरकार की नीतियों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करना होगा। संगठन को बूथ, सेक्टर और मंडल स्तर तक मजबूत करते हुए जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की जरूरत है।

बैठक में स्मार्ट मीटर हटाने की मांग, बढ़े हुए बिजली बिल के विरोध और बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन को लेकर चरणबद्ध कार्यक्रम तैयार करने पर चर्चा हुई। आंदोलन को केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार किया गया।

बूथ से गांव तक पहुंचेगा कांग्रेस का अभियान

कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि आने वाले दिनों में संगठन की सक्रियता जमीनी स्तर पर दिखाई देनी चाहिए। बूथ अध्यक्षों, सेक्टर अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों और पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं के माध्यम से उपभोक्ताओं की समस्याएं जुटाने तथा उन्हें आंदोलन से जोड़ने की तैयारी की जाएगी।

बैठक का संचालन नीरज ठाकुर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रमेश शर्मा ने किया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस प्रभारी विनोद चंद्राकर, जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा, विधायक जनक ध्रुव, जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम, पवन सोनकर, लोकेंद्र कोमर्रा, सन्नी मेमन, छगन यादव, प्रहलाद यदु, माहेश्वरी शाह, अमित मिरी, भूपेंद्र मांझी, रामकृष्ण ध्रुव, ललिता यादव, युगल पांडेय, सेवन पुजारी, मेघनाथ बघेल, प्रकाश कोमर्रा, लखन लाल साहू, सोदर कश्यप, महेश्वर बघेल, पंकज मांझी, चमन साहू, निलाधर साहू, वासुदेव बीसी सहित जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष एवं बूथ अध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मुख्य खबरें