विभाजन की विभीषिका से विकसित भारत तक—सांसद रूपकुमारी चौधरी ने भरी हुंकार, बोलीं- मोदी के नेतृत्व में बदली देश की तस्वीर,मानस मंदिर में जिला स्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम, शहीदों को श्रद्धांजलि के बाद निकला मौन जुलूस

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी 

छुरा। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को छुरा स्थित मानस मंदिर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने विभाजन की त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामकुमार साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद, जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर, जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा, भाजपा मंडल अध्यक्ष खोमन चंद्राकर, जिला प्रवक्ता पारस ठाकुर सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विभाजन केवल जमीन का नहीं, परिवारों और दिलों का भी हुआ बंटवारा

सभा को संबोधित करते हुए सांसद रूपकुमारी चौधरी ने विभाजन की भयावह त्रासदी को याद किया। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 को देश को आजादी मिली, लेकिन उससे ठीक एक दिन पहले भारत का विभाजन कर दिया गया। यह केवल जमीन का बंटवारा नहीं था, बल्कि परिवारों, समाज और दिलों का भी विभाजन था।

उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान हुए रक्तपात, हिंसा और बड़े पैमाने पर विस्थापन ने लाखों परिवारों को तबाह कर दिया। असंख्य लोगों को अपना घर-बार छोड़कर अनजान जगहों पर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। माताओं-बहनों के साथ अमानवीय अत्याचार हुए और परिवार उजड़ गए। सांसद ने कहा कि यह इतिहास का ऐसा काला अध्याय है, जिसकी पीड़ा को देश कभी नहीं भुला सकता।

उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल अतीत के दर्द को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उससे सीख लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेने का दिन है। आने वाली पीढ़ियों को इतिहास की सच्चाई से अवगत कराना जरूरी है, ताकि ऐसी त्रासदी दोबारा कभी न हो।

गरीबी और पिछड़ेपन से विकसित भारत की ओर बढ़ रहा देश’

सांसद रूपकुमारी चौधरी ने अपने संबोधन में देश की वर्तमान उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि “एक समय था जब भारत को गरीबी, भुखमरी और पिछड़ेपन के लिए जाना जाता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।”

उन्होंने कहा कि देश सड़क, रेल, बिजली, डिजिटल तकनीक, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज भारत आत्मविश्वास के साथ पूरी दुनिया के सामने खड़ा है और ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष बोले—बंटा देश कमजोर, एकजुट भारत अजेय

भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि विभाजन की पीड़ा हमें यह बड़ा संदेश देती है कि जब समाज और देश बंटता है तो उसका नुकसान प्रत्येक नागरिक को उठाना पड़ता है, लेकिन जब देश एकजुट होकर आगे बढ़ता है तो दुनिया की कोई ताकत उसे कमजोर नहीं कर सकती।

उन्होंने कहा कि छुरा की धरती से यह संदेश जाना चाहिए कि भारत की एकता और अखंडता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। देश की संप्रभुता, संविधान और राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रत्येक नागरिक को पूरी निष्ठा के साथ खड़ा होना चाहिए।

चंद्राकर ने कहा कि विभाजन की त्रासदी झेलने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करना और उन वीरों व निर्दोष नागरिकों को नमन करना हमारा दायित्व है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में मानवता और अपने अस्तित्व की रक्षा के लिए संघर्ष किया।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि बच्चों और आने वाली पीढ़ियों को देश के इतिहास, संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय एकता के महत्व से परिचित कराएं।

मानस मंदिर से निकला मौन जुलूस

कार्यक्रम के दौरान विभाजन की विभीषिका में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद मानस मंदिर से बजरंग चौक होते हुए शहीद वीर नारायण चौक तक मौन जुलूस निकाला गया। जुलूस में भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर शांतिपूर्वक आगे बढ़े। मौन जुलूस के माध्यम से विभाजन के दौरान पीड़ित परिवारों और दिवंगत नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, सोरी, पारस ठाकुर, अमित बखारिया, हिंदू वाहिनी जिलाध्यक्ष मिंजून साहू, बलराज पटेल, अशोक ठाकुर, रामलाल कुलदीप, पंकज निर्मलकर, तुलाराम साहू, धर्मेंद्र चंद्राकर, सफर सचदेव, शिव शंकर जायसवाल, थानसिंह निषाद, चंपेश्वर गिरी, मानसिंग निषाद, गोस्वामी, नरेंद्र तिवारी, इमरान अली, इमरान मेमन, शंकर सेन, दिशांक चंद्राकर, रमेश सिन्हा, राकेश शर्मा, नारायण पटेल, जितेंद्र ध्रुव, अक्षत तिवारी, दशरथ सिन्हा, प्रेमलाल टोडर, तोकेश्वरी मांझी, संगीता दीक्षित, अनीता सिन्हा, यामिनी चंद्राकर, चित्ररेखा ध्रुव, रजनी लहरे, गरिमा ध्रुव, कंचन सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्य खबरें