नया सवेरा’ अभियान का असर: गरियाबंद पुलिस का बड़ा एक्शन, 6 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर टुरटुरी नाला के पास दबिश, 1,200 रुपये की कच्ची महुआ शराब जब्त, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
गरियाबंद। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘नया सवेरा’ अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से महुआ शराब बेच रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 06 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1,200 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर जिलेभर में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना गरियाबंद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम घुटकुनवापारा स्थित टुरटुरी नाला के पास बरगद पेड़ के नीचे एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब की बिक्री कर रहा है।
सूचना मिलते ही थाना गरियाबंद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और गवाहों की मौजूदगी में संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 06 लीटर अवैध देशी कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम तपेश भुंजिया (45 वर्ष) निवासी घुटकुनवापारा, थाना गरियाबंद बताया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘नया सवेरा’ अभियान के तहत जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों के परिवहन और बिक्री करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सके।

मुख्य खबरें