कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण, जिला निर्वाचन अधिकारी बी.एस. उइके ने परखी सुरक्षा व्यवस्था,राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सीलबंद वेयरहाउस का किया निरीक्षण, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा इंतजाम मिले दुरुस्त

गरियाबंद। आगामी निर्वाचनों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने की दिशा में जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री बी.एस. उइके ने गुरुवार को तहसील कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सीलबंद वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस में रखी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, सुरक्षा प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी जांच की।
निरीक्षण में सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप और संतोषजनक पाई गईं। इस दौरान कलेक्टर श्री उइके ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा वेयरहाउस की निगरानी निरंतर और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी ने नवीन तहसील कार्यालय भवन का भी अवलोकन कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ऋषा ठाकुर, तहसीलदार चितेश देवांगन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
