सुशासन तिहार शिविर में गरजा जनता का गुस्सा, लो-वोल्टेज पर बिजली विभाग की घेराबंदी,,“जनता को दौड़ाने वाले सुधर जाएं, वरना कार्रवाई तय” — विधायक रोहित साहू का मंच से कड़ा संदेश

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी 

छुरा :- छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्राम पंचायत नवापारा में उस समय चर्चा का केंद्र बन गया, जब लो-वोल्टेज और बिजली समस्या को लेकर ग्रामीणों ने खुलकर अपना आक्रोश जाहिर किया।

गांव-गांव से पहुंचे लोगों ने बिजली विभाग को घेरते हुए सवाल दागा —

“बिल पूरा लेते हो तो बिजली आधी क्यों देते हो?”

जनता के तीखे सवालों और नाराजगी के बीच मंच का माहौल पूरी तरह गर्म हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि लो-वोल्टेज के कारण घरों के उपकरण खराब हो रहे हैं, किसानों के बोर नहीं चल पा रहे और भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।

शिविर में मौजूद बिजली विभाग के अधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा कि खेतों में अधिक संख्या में बोर पंप चलने के कारण वोल्टेज की समस्या हो रही है। लेकिन यह जवाब जनता को रास नहीं आया। इसके बाद राजिम विधायक रोहित साहू ने मंच से ही अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्या को हल्के में लेना अब नहीं चलेगा।

कार्यक्रम में गरियाबंद कलेक्टर बी. एस. उइके, जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा, जनपद अध्यक्ष मीरा ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष खोमन चंद्राकर, अध्यक्ष फनेश्वरनाथ महाविद्यालय राजू साहू, किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनीष हरित, जनपद सदस्य अवध साहू, पंकज निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी एवं मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना कर शिविर की शुरुआत की। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया। शिविर में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम भी संपन्न हुआ।

700 आवेदन पहुंचे, अधिकारियों को मिला अल्टीमेटम

शिविर में कुल 700 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें राजस्व, बिजली, सड़क, पेंशन और आवास से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। विधायक रोहित साहू ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनता के आवेदन फाइलों में दबे नहीं रहने चाहिए, बल्कि तय समय में उनका समाधान जमीन पर दिखाई देना चाहिए।

छुरा ब्लॉक में सीमांकन के 85 मामले लंबित होने की जानकारी मिलते ही विधायक का रुख सख्त हो गया। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि —
“15 जून के पहले सभी सीमांकन प्रकरण पूरे करें, जनता को अब तारीख पर तारीख नहीं मिलेगी।”
वहीं ग्राम पत्थर्री के 46 किसानों ने बंदोबस्त त्रुटि की शिकायत रखी, जिस पर विधायक ने एसडीएम छुरा को गांव में विशेष शिविर लगाकर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

दृष्टिबाधित बेटी के गीत ने बदल दिया माहौल

शिविर में शिकायतों और नाराजगी के बीच उस समय भावुक दृश्य देखने को मिला जब दृष्टिबाधित बालिका साक्षी यादव ने “ऐ मेरे वतन के लोगों…” गीत प्रस्तुत किया। जैसे ही गीत समाप्त हुआ, पूरा पंडाल तालियों की गूंज से भर उठा। विधायक रोहित साहू भी भावुक हो गए और मंच से साक्षी यादव की शिक्षा के लिए 15 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

विधायक रोहित साहू का दमदार भाषण बना चर्चा का विषय
जनसमुदाय को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने बेहद आक्रामक और स्पष्ट अंदाज में कहा —
“यह सुशासन तिहार केवल मंच और भाषण का कार्यक्रम नहीं है, यह जनता के हक और सम्मान की लड़ाई है। जनता अब दफ्तर-दफ्तर भटकेगी नहीं, अधिकारी गांव में आकर जवाब देंगे।”

उन्होंने आगे कहा —
“हमारी विष्णुदेव साय सरकार की मंशा साफ है — गरीब, किसान, मजदूर और आम जनता का काम समय पर हो। अगर कोई अधिकारी जनता को परेशान करेगा, रिश्वत मांगेगा या लापरवाही करेगा तो उसके खिलाफ सीधे कार्रवाई होगी। जनता की तकलीफ पर राजनीति नहीं, समाधान चाहिए।”

लो-वोल्टेज की शिकायतों पर नाराजगी जाहिर करते हुए विधायक ने कहा —

“बिजली विभाग कान खोलकर सुन ले, गांव के लोगों को अंधेरे और कम वोल्टेज में नहीं जीने दिया जाएगा। जनता बिल समय पर भरती है तो सुविधा भी पूरी मिलनी चाहिए।”
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सुशासन तिहार में मिली शिकायतों का त्वरित निराकरण नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी

हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात

कार्यक्रम में दिव्यांग जागेश्वरी कंवर को 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। मत्स्य विभाग द्वारा आइस बॉक्स और जाल, आयुष्मान कार्ड, जॉब कार्ड एवं ट्रायसिकल का वितरण किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर विष्णु नागेश, नारायण सिन्हा, केशरी ध्रुव, रामकुमार यादव, मानसिंह निषाद, दिशाक चंद्राकर, दुवासु ठाकुर, दिनेश साहू, रवि गोस्वामी, मुंगेश्वरी ठाकुर, कुंती साहू, गुंजा ध्रुव, गोमती यादव, हीरोन्दी दीवान, रानी दीवान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

मुख्य खबरें