होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं! गरियाबंद में पुलिस का फ्लैग मार्च, चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच कड़ी निगरानी

गरियाबंद। रंगों के पावन पर्व होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गरियाबंद पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के दिशा-निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के मार्गदर्शन में पूरे जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम करने और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।

संवेदनशील इलाकों में सख्त निगरानी

जिला मुख्यालय गरियाबंद सहित राजिम, फिंगेश्वर, छुरा, पाण्डुका, मैनपुर और देवभोग जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल ने मुख्य मार्गों और घनी आबादी वाले इलाकों में पैदल मार्च कर कानून व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस जवान पूरी मुस्तैदी के साथ नजर आए।

हेल्प लाइन टीम और मोटर साइकिल पेट्रोलिंग तैनात

होली के दौरान हुड़दंगियों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष हेल्प लाइन टीम का गठन किया गया है। मोटर साइकिलों में सवार पुलिस जवान लगातार गश्त करेंगे और खासकर—
शराब पीकर वाहन चलाने वालों
तेज रफ्तार बाइक स्टंट करने वालों
जबरन रंग लगाने वालों
महिलाओं से दुर्व्यवहार करने वालों
पर पैनी नजर रखेंगे। नियमों की अनदेखी करने वालों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चौक-चौराहों पर फिक्स प्वाइंट ड्यूटी

जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चार
पहिया वाहनों से निरंतर पेट्रोलिंग की जा रही है। प्रमुख चौक-चौराहों पर फिक्स प्वाइंट ड्यूटी लगाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि होली के नाम पर शांति भंग करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।

पुलिस कप्तान की अपील

गरियाबंद पुलिस कप्तान ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

पुलिस कंट्रोल रूम नंबर – 9479191071

“गरियाबंद पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। सुरक्षित रहें और खुशहाल होली मनाएं।”

मुख्य खबरें