होली और रमजान को लेकर प्रशासन सख्त,शांति समिति की बैठक में हुड़दंगियों को कड़ी चेतावनी, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

छुरा :- आगामी होली पर्व एवं पवित्र रमजान माह को देखते हुए शनिवार को थाना परिसर छुरा में शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सुश्री अंजलि खलको की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, व्यापारीगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि त्योहार की आड़ में किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अनुविभागीय अधिकारी सुश्री अंजलि खलको ने दो टूक शब्दों में कहा कि होली रंगों और भाईचारे का पर्व है, इसे शांति और सौहार्द के साथ मनाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। किसी भी व्यक्ति पर जबरदस्ती रंग-गुलाल डालने, नशे की हालत में वाहन चलाने, मुखौटा पहनकर उत्पात मचाने या धार्मिक भावना आहत करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने नगर में बुलेट बाइक से पटाखा जैसी आवाज निकालने, कानफोड़ू सायलेंसर, तीन सवारी चलाने और बाजार क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग की शिकायत उठाई। इस पर थाना प्रभारी पवन वर्मा ने स्पष्ट किया कि ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर चालानी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि वर्तमान में वार्षिक परीक्षाएं संचालित हो रही हैं, इसलिए विद्यार्थियों की पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। होली के अवसर पर मोहल्लों में डीजे और लाउडस्पीकर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कहीं भी डीजे बजते पाए गए तो तत्काल जब्ती एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहार प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का प्रतीक है, लेकिन कानून तोड़ने वालों के लिए सख्ती तय है। शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नथमल शर्मा, सलीम मेमन, राकेश शर्मा, मनसिंह निषाद, सिकंदर खान, इस्माइल मेमन, शांतुनू देवांगन, पंचराम टंडन, यामीन खान, रामजी दीवान, अनीश सोलंकी, प्रकाश यादव, उज्ज्वल जैन, यामिनी चंद्राकर, कुलेश्वर सिन्हा, परमेश्वर राजपूत, मेषनंद पाण्डेय, अक्षत शर्मा, भूपेंद्र सिन्हा, शीतल ध्रुव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

मुख्य खबरें