श्यामाचरण शुक्ल की जयंती पर कांग्रेसियों ने किया नमन, विकास कार्यों को किया याद

छुरा :- ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुरा द्वारा शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं अविभाजित मध्यप्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय पंडित श्यामाचरण शुक्ल की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम में गरियाबंद जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रमेश शर्मा ने पंडित श्यामाचरण शुक्ल के राजनीतिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे छत्तीसगढ़ के प्रमुख जननेता थे, जिन्होंने प्रदेश के विकास, विशेषकर सिंचाई क्षेत्र के विस्तार में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि शुक्ल जी सादगी, कर्मठता और जनसेवा के लिए सदैव याद किए जाते रहेंगे। उनके कार्यकाल में ग्रामीण विद्युतकरण, भूमि सुधार और किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिससे प्रदेश को नई दिशा मिली।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष माहेश्वरी शाह शाह ने कहा कि स्वर्गीय पंडित श्यामाचरण शुक्ल सरल एवं सहज व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अविभाजित मध्यप्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए। वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में उनकी सक्रिय भागीदारी को भी कभी भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अब्दुल समद खान, नीलकंठ ठाकुर, चमन साहू, अशोक दीक्षित, सलीम मेमन, रितेश दीक्षित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्य खबरें