शिक्षा ही सफलता की पहली सीढ़ी है – सांसद रुपकुमारी चौधरी,,,कचना ध्रुवा महाविद्यालय के 21वें वार्षिक उत्सव एवं सम्मान समारोह में छात्रों को दिए सफलता के मंत्र

छुरा। छुरा नगर स्थित कचना ध्रुवा निजी महाविद्यालय का 21वां वार्षिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह शुक्रवार को महाविद्यालय परिसर में अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रुपकुमारी चौधरी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद ने की।

विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत वन सभापति शिवांगी चतुर्वेदी, भाजपा मंडल अध्यक्ष खोमन चंद्राकर, समाजसेवी एवं जनपद सभापति अभनपुर ब्रम्हानंद साहू, जनपद सदस्य मुंगेश्वरी अशोक ठाकुर, ग्राम पंचायत खरखरा की सरपंच लता ध्रुव एवं नगर पंचायत पार्षद बलराज पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

महाविद्यालय परिवार ने अतिथियों का पुष्पवर्षा के साथ आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ

 

शिक्षा है सफलता की पहली सीढ़ी

 

मुख्य अतिथि सांसद रुपकुमारी चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “शिक्षा ही सफलता की पहली सीढ़ी है। शिक्षा प्राप्त करना हर नागरिक का मौलिक अधिकार है। जिस व्यक्ति के पास शिक्षा का प्रकाश है, उसके जीवन से अज्ञान का अंधकार स्वतः दूर हो जाता है।”

उन्होंने कहा कि एक समय था जब ग्रामीण क्षेत्रों में संसाधनों के अभाव के कारण विद्यार्थी पांचवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाते थे। उच्च शिक्षा के अवसर सीमित थे, लेकिन आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं। सरकार द्वारा गांव-गांव और शहर-शहर महाविद्यालय खोले जा रहे हैं तथा शिक्षा के क्षेत्र में नई-नई योजनाएं लागू की जा रही हैं, ताकि कोई भी छात्र शिक्षा से वंचित न रहे।

उन्होंने विशेष रूप से बेटियों को प्रेरित करते हुए कहा, “लड़कियां स्वयं को कभी कमजोर न समझें। यह नया भारत है, जहां बेटियां हर क्षेत्र में—शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन—हर जगह अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। आज लड़के और लड़कियों में कोई भेद नहीं है।”

सांसद ने विद्यार्थियों को बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होगी, बल्कि माता-पिता, नगर और समाज का गौरव बनेगी।

 

महाविद्यालय तय करता है दशा और दिशा

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद ने कहा, “सभ्य समाज की नींव शिक्षा पर टिकी होती है। शिक्षा ही वह प्रकाश है जो अज्ञान के अंधकार को दूर कर व्यक्ति को सही सोच, संस्कार और दिशा देता है।”

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री देने का केंद्र नहीं, बल्कि वह मंच है जहां से छात्रों की दशा और दिशा तय होती है। यहीं से व्यक्तित्व का निर्माण होता है, नेतृत्व क्षमता विकसित होती है और भविष्य की मजबूत नींव रखी जाती है।

 

शिक्षा से ही उज्ज्वल भविष्य

 

विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत वन सभापति शिवांगी चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाली अमूल्य संपत्ति है। जिस घर में शिक्षा का दीपक जलता है, वहां समृद्धि और उजाला स्वयं प्रवेश करता है।

उन्होंने कहा कि आज अवसर विद्यार्थियों के द्वार पर दस्तक दे रहा है—जरूरत है उसे पहचानने और पूरी लगन से उसे हासिल करने की। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने सपनों को सीमित न रखें, बल्कि ऊंचे लक्ष्य निर्धारित कर कठोर परिश्रम से उन्हें साकार करें।

 

प्रतिभाओं का हुआ सम्मान,

 

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

कार्यक्रम में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शील्ड एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय अध्यक्षों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

 

महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक

कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों से पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

 

इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष जितेंद्र साहू, सदस्य तेजस्वी यदु, लवण साहू, अश्वनी साहू, प्राचार्य डॉ. डी. के. साहू, वरिष्ठ प्राध्यापक तरुण निर्मलकर, आर.आर. कुर्रे, पवन कुमार यादव, कैलाश साहू, धनराज ध्रुव, विनोद यादव, प्राध्यापिका निर्मला यादव, आरती साहू, रश्मि ध्रुव, लेकेश्वरी साहू, टिकेश्वर निर्मलकर, छात्र संघ अध्यक्ष कु. सोनिया साहू, जागृत गिरी गोस्वामी, ज्योति ध्रुव, खेमिन पटेल सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

 

समारोह ने यह संदेश दिया कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जो न केवल व्यक्ति का भविष्य गढ़ती है, बल्कि समाज और राष्ट्र को नई दिशा भी देती है।

मुख्य खबरें