जिले में कुपोषण के खिलाफ बड़ी पहल: मैनपुर में तीसरे मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन, 260 बच्चों को मिला नि:शुल्क इलाज

मैनपुर:- जिले को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में एक और ठोस कदम उठाते हुए रविवार को मैनपुर ब्लॉक मुख्यालय के सामुदायिक भवन में तीसरे मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य जिले में कुपोषित बच्चों को चिन्हित कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

शिविर में रायपुर के प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक भट्ट एवं उनकी टीम द्वारा कुपोषित बच्चों की जांच और इलाज किया गया। खास बात यह रही कि शिविर में नि:शुल्क इलाज की सुविधा दी गई, जिससे मैनपुर ब्लॉक के 260 कुपोषित बच्चों को सीधा लाभ मिला।

इस अवसर पर गरियाबंद कलेक्टर बी.एस. उइके ने शिविर का निरीक्षण कर कहा, “कुपोषण से लड़ाई के लिए यह शिविर बेहद जरूरी और कारगर साबित होंगे। हमारा लक्ष्य है कि गरियाबंद जिला पूरी तरह से कुपोषण मुक्त बने।”

महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी अशोक पांडे ने जानकारी दी कि जिले में अब तक 1,330 गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान की जा चुकी है। पहले सिर्फ पोषण आहार वितरण तक सीमित प्रयास थे, लेकिन अब स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा सेवा भी दी जा रही है, जो जिले में कुपोषण के खिलाफ बड़ी लड़ाई में मील का पत्थर साबित होगा।

शिविर में मैनपुर मंडल अध्यक्ष संतोष यादव, उपसरपंच अनीश सोलंकी सहित महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
यह शिविर सिर्फ इलाज नहीं, बल्कि उम्मीद और स्वास्थ्य की नई शुरुआत है

मुख्य खबरें