मैनपुर जनपद पंचायत में भ्रष्टाचार और तानाशाही के खिलाफ बगावत — सरपंच-सचिव संघ का फूटा गुस्सा, एस.डी.ओ. को हटाने की मांग पर अड़े, हड़ताल की चेतावनी

मैनपुर : – जनपद पंचायत मैनपुर में पदस्थ ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के एस.डी.ओ. उत्तम कुमार चौधरी के खिलाफ सरपंच और सचिव संघ ने खुला मोर्चा खोल दिया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि एस.डी.ओ. चौधरी द्वारा पंचायतों के निर्माण कार्यों के सत्यापन के नाम पर मोटी रकम की जबरन वसूली की जाती है। आरोप है कि जो सरपंच और सचिव उनकी अवैध मांग पूरी कर देते हैं, केवल उन्हीं के कार्यों का सत्यापन किया जाता है, जबकि जो मना कर देते हैं, उनकी फाइलें महीनों तक ठंडे बस्ते में डाल दी जाती हैं।
सरपंच संघ ने यह भी आरोप लगाया है कि चौधरी का व्यवहार न केवल भ्रष्टाचार से लिप्त है, बल्कि वह जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र और अहंकारी रवैया अपनाते हैं। प्रतिनिधियों के मुताबिक, चौधरी खुलेआम कहता है — “जहां शिकायत करनी है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ने वाला।” यह बयान पंचायत प्रतिनिधियों का अपमान ही नहीं, बल्कि पूरे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है।
इस मामले ने अब राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में भूचाल ला दिया है। सरपंच-सचिव संघ के साथ-साथ जनपद अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य भी एकजुट हो गए हैं और कलेक्टर गरियाबंद को ज्ञापन सौंपकर एस.डी.ओ. को तत्काल मैनपुर से हटाने, भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
संघ ने साफ चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो पूरे ब्लॉक के सभी पंचायत प्रतिनिधि कामकाज बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे विकास कार्य पूरी तरह ठप हो जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी।
मैनपुर ब्लॉक में यह मामला अब पंचायत व्यवस्था की साख और ईमानदारी पर सबसे बड़ा सवाल बनकर खड़ा हो गया है। अगर इस पर कड़ी और तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तो यह विवाद प्रदेश स्तर पर बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनने में देर नहीं लगाएगा।
