जब-जब भाजपा सरकार अत्याचार करेगी, कांग्रेस निकालेगी जन न्याय यात्रा : – दीपक बैज

प्रदेश अध्यक्ष ने मैनपुर से 147 किमी पदयात्रा का किया शुभारंभ, कहा- कांग्रेस कार्यकर्ता न लाठी से डरते हैं, न जेल से
मैनपुर :- छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार की नाकामियों के खिलाफ कांग्रेस ने हल्ला बोलते हुए मैनपुर से रायपुर तक 147 किमी की जन न्याय पदयात्रा की शुरुआत की। इस पदयात्रा के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने स्वयं 5 किमी पैदल चलकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना से हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ दीपक बैज का ऐतिहासिक स्वागत किया।
भाजपा सरकार जनता के धन से मना रही पिकनिक : दीपक बैज
सभा को संबोधित करते हुए दीपक बैज ने कहा,
> “जब-जब छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार जनता पर अत्याचार करेगी, कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी। हमारे कार्यकर्ता न तो लाठी से डरते हैं और न जेल जाने से। हम जनता के हक की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेंगे।”
उन्होंने सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए —
10,463 स्कूल बंद, छात्रों के पास न किताबें हैं, न कॉपी
किसानों को खाद और बीज नहीं मिल पा रहे, सरकार बेपरवाह
महिलाएं असुरक्षित, जल-जंगल-जमीन पर संकट
बस्तर की लौह अयस्क खदानें बिक चुकीं, सरगुजा के कोल माइंस की हो रही नीलामी
“एक तरफ सरकार मां के नाम पर पेड़ लगाने की नौटंकी कर रही है, दूसरी तरफ हजारों पेड़ तमनार-रायगढ़ में काटे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री चुप हैं, जंगलों की खुली लूट जारी है।”
विधायक जनक ध्रुव बोले — “बिंद्रानवागढ़ की हालत बदतर”
बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव ने भी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा,
> “हमारे क्षेत्र के 50 से ज्यादा गांव आज भी अंधेरे में हैं, सड़कें गायब हैं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं। इलाज के लिए ग्रामीणों को ओडिशा जाना पड़ता है। सरकार केवल अवैध रेत खनन और शराब दुकान खोलने में व्यस्त है।”
कार्यकर्ताओं का उमड़ा जनसैलाब
पदयात्रा की शुरुआत के दौरान मैनपुर से गौरघाट और वेयरहाउस तक कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भारी भीड़ को नियंत्रित करने में प्रशासन को खासी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
प्रमुख नेता रहे शामिल
इस जन न्याय पदयात्रा में कांग्रेस के कई दिग्गज नेता शामिल हुए, जिनमें विधायक जनक ध्रुव, प्रदेश महामंत्री सकलेन कामदार, जिला अध्यक्ष भावसिंह साहू, वरिष्ठ नेता शैलेन्द्र साहू, ब्लॉक अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, एनएसयूआई प्रदेश सचिव चित्रांश ध्रुव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष गौरव मिश्रा सहित जिले भर के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस महामंत्री गेन्दु यादव ने किया और आभार प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव ने किया।
मैनपुर से निकली जन न्याय पदयात्रा केवल एक राजनीतिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि भाजपा सरकार की नीतियों के विरुद्ध एक संगठित जन आंदोलन का प्रतीक बन गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश और नेतृत्वकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी इस बात का संकेत है कि यह यात्रा आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति पर गहरा प्रभाव छोड़ सकती है।
