फर्जी नॉन–बेलेबल वारंट भेजकर रुपये ऐंठने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार,दोनों आरोपी “पीएमटी मुन्नाभाई गैंग” के सदस्य, कई राज्यों में दर्ज हैं धोखाधड़ी के केस जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में MBBS के छात्र बनकर करते थे ठगी

छुरा:- छुरा पुलिस ने एक बेहद सुनियोजित ठगी और धमकी प्रकरण का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी पेशे से MBBS के छात्र हैं, लेकिन पिछले कई वर्षों से प्रदेश और बाहर के राज्यों में फर्जीवाड़ा, धमकी और परीक्षाओं में नकल कराने जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त रहे हैं। पुलिस ने दोनों को दबोचकर एक बार फिर उनके काले कारनामों का खुलासा किया है।

फर्जी नॉन-बेलेबल वारंट भेजकर 1 लाख रुपये ऐंठे

प्रार्थी खेमचंद (थाना छुरा क्षेत्र) को डाक से एक फर्जी नॉन-बेलेबल वारंट भेजा गया था। आरोपी निखिल राज ने उसे संपर्क कर धमकी दी कि “दो लाख रुपये नहीं दोगे तो जेल भेज दूंगा”। डर के चलते प्रार्थी ने अगस्त में ही आरोपी को 1 लाख रुपये दे दिए और वह फर्जी वारंट भी सौंप दिया।

इसके बाद निखिल राज और उसका साथी चन्द्रशेखर उर्फ चंदन सेन लगातार धमकाते हुए और पैसे की मांग करने लगे।

छुरा पुलिस की तत्परता—एक आरोपी स्थानीय स्तर पर पकड़ा गया, दूसरा ट्रेन से भागते पकड़ा गया

शिकायत मिलते ही मामला गंभीर मानते हुए गरियाबंद SP और SDOP के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई।

आरोपी चंद्रशेखर सेन को छुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि निखिल राज हमसफर एक्सप्रेस से झांसी भाग रहा है।

जानकारी मिलते ही RPF बिलासपुर और पेंड्रा रोड की मदद से ट्रेन से ही आरोपी को धर दबोचा गया।

दोनों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

2009 से चल रहा है ठगी का खेल — PMT परीक्षा में मुन्नाभाई स्टाइल से छात्रों को पास कराने का धंधा

दोनों वर्ष 2007 से MBBS पढ़ रहे हैं और ज्यादा खर्च करने की आदत के कारण 2009 से फर्जीवाड़े व धोखाधड़ी में सक्रिय हैं। दोनों PMT परीक्षा में मुन्नाभाई स्टाइल से असली उम्मीदवार की जगह नकली परीक्षार्थियों को बैठाकर लाखों रुपये कमाते थे।

दोनों पर कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर केस — लाखों से लेकर 5 करोड़ तक की ठगी

चंद्रशेखर सेन पर दर्ज प्रमुख मामले

2009 पीएमटी फर्जीवाड़ा केस – महासमुंद

2010 पीएमटी फर्जीवाड़ा केस – बिलासपुर

3 लाख की ठगी – जगदलपुर

19 लाख की ठगी – दुर्ग

55 हजार, 1.30 लाख, 26.80 लाख की धोखाधड़ी — विभिन्न थाने

कुल 8 से अधिक धोखाधड़ी के प्रकरण

निखिल राज पर दर्ज मामले

2009 पीएमटी फर्जीवाड़ा केस – महासमुंद 2010 पीएमटी फर्जीवाड़ा केस – बिलासपुर,गुरुग्राम में 5 करोड़ की बड़ी धोखाधड़ी कुल 3 बड़े अपराध दर्ज काले कारनामों की पड़ताल करेगी पुलिस

अब तक की अवैध संपत्ति की जांच शुरू दोनों आरोपी स्व. बलीराम कश्यप मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में वर्ष 2007 से MBBS के छात्र हैं।पुलिस अब कॉलेज प्रबंधन से उनका पूरा ब्योरा साझा करने जा रही है, साथ ही अब तक अर्जित अवैध संपत्ति की जांच भी अलग से की जाएगी। छुरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में भय व दबाव बनाकर ठगी करने वाले नेटवर्क पर बड़ा प्रहार हुआ है। आरोपी लंबे समय से कानून की आंख में धूल झोंकते फिर रहे थे, लेकिन अब सलाखों के पीछे हैं।

मुख्य खबरें