मड़ाई मेले में संस्कृति, सौहार्द और परंपरा का संगम खड़मा मड़ाई मेला का भव्य समापन, लोककला ने बांधा समा

छुरा :- छुरा क्षेत्र के सबसे प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक खड़मा मड़ाई मेला का समापन 20 जनवरी को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। तीन दिनों तक चले इस मेले को अंचल का सबसे बड़ा और लोकप्रिय मड़ाई मेला माना जाता है, जिसमें दूर-दराज से लोग अपने परिवार सहित शामिल होकर मेले की परंपरागत रौनक और सांस्कृतिक रंगों का आनंद लेते हैं।
समापन अवसर पर समिति द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ी आर्केस्ट्रा लोककला मंच ‘रंग रंजन’ की शानदार प्रस्तुति (प्रस्तुतकर्ता – वीरेन्द्र चतुर्वेदी) ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छत्तीसगढ़ी लोकगीत, नृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने देर रात तक मेले को जीवंत बनाए रखा, वहीं बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों व दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जनपद उपाध्यक्ष एवं जनपद सदस्य अवध राम साहू रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “मड़ाई मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने वाला पर्व है। मड़ाई मेला हमारे पूर्वजों की परंपरा का अहम हिस्सा है। ग्राम खड़मा में लगभग 130 वर्षों से मड़ाई मेले का सफल आयोजन इस बात का प्रमाण है कि हमारी लोकसंस्कृति आज भी जीवंत है।”
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलता है, स्थानीय कलाकारों को मंच मिलता है और समाज में आपसी मेल-मिलाप की भावना प्रबल होती है।
विशेष अतिथि के रूप में सरपंच जग बाई ध्रुव, त्रिलोचन साहू, पूर्व सरपंच प्रेमाराम कंवर, उपसरपंच रेखराम साहू एवं पूर्व उपसरपंच जितेन्द्र कुमार साहू उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने विचार रखते हुए मड़ाई मेले को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए इसके संरक्षण और निरंतर आयोजन पर बल दिया।
इस अवसर पर ग्राम खड़मा की सरपंच जग बाई ध्रुव ने मड़ाई मेले के सफल आयोजन के लिए ग्रामवासियों, मेला समिति एवं स्थानीय प्रशासन के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से ही यह ऐतिहासिक मेला हर वर्ष और अधिक भव्य रूप ले रहा है।
खड़मा मड़ाई मेला का यह आयोजन एक बार फिर यह संदेश दे गया कि परंपरा, संस्कृति और सामाजिक समरसता ही ग्रामीण जीवन की सच्ची पहचान है।
इस अवसर पर भानु प्रताप साहू, श्री नारायण धुव्र, श्री शेखर साहू, श्री गौकरण धृतलहरे, कामेश टंडन, निधी राम ध्रुव,भोज मारकंडे, लाला साहू, ढ़पेन्द्र यादव पंच, कमल नारायण माण्डले पंच, मोतीलाल साहनी पंच,सुभाष यादव, चुमेश सेन सहित बड़ी संख्या मे ग्राम के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित थे

मुख्य खबरें