राजिम विधायक रोहित साहू ने जताया मुख्यमंत्री व राजस्व मंत्री के प्रति आभार, शहरी गरीबों को मिलेगा मालिकाना हक

छुरा :- छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र 2025 में “पट्टाधृति अधिकार (संशोधन) विधेयक” को सर्वसम्मति से पारित किए जाने पर राजिम विधायक रोहित साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
विधायक रोहित साहू ने इसे एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह विधेयक खासतौर पर शहरी क्षेत्रों में रहने वाले भूमिहीन और बेघर परिवारों को मालिकाना हक दिलाने के उद्देश्य से लाया गया है। इससे वे परिवार जो वर्षों से शहरी क्षेत्रों में निवास कर रहे हैं, परंतु उनके पास खुद की जमीन नहीं है, अब उन्हें वैधानिक रूप से जमीन का पट्टा प्राप्त हो सकेगा।
विधायक साहू ने कहा कि यह कानून प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के हितग्राहियों सहित आमजनों की ज़रूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इससे न केवल आवास निर्माण में सुविधा होगी, बल्कि शहरी क्षेत्रों में रहने वाले गरीबों को एक स्थायी पता और सम्मानजनक जीवन भी प्राप्त होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इस विधेयक के माध्यम से राज्य सरकार ने यह सिद्ध कर दिया है कि वह समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कटिबद्ध है। इस कदम से शहरी आवास की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ी राहत मिलेगी।
सम्बंधित अधिकारियों और नेताओं ने भी इस विधेयक को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई है, जिससे आने वाले समय में हज़ारों गरीब परिवारों को सीधे लाभ पहुंचेगा।
