वार्ड 14 में विकास की नई इबारत, सीसी रोड का हुआ भूमिपूजन अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद बोलीं—‘नगर के हर वार्ड तक पहुंचेगा विकास, मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना हमारी पहली प्राथमिकता’
संवाददाता – अनीश सोलंकी
छुरा :- नगर पंचायत छुरा में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसी क्रम में नगर के वार्ड क्रमांक 14 में सीसी रोड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। सड़क निर्माण की सौगात मिलने से वार्डवासियों में उत्साह का माहौल है। सीसी रोड बनने के बाद वार्ड में आवागमन की सुविधा बेहतर होने के साथ ही लंबे समय से महसूस की जा रही सड़क संबंधी परेशानियों से नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लुकेश्वरी थानसिंग निषाद, जिला महामंत्री भाजपा ओबीसी मोर्चा थानसिंग निषाद, वार्ड पार्षद एवं सभापति गरिमा ध्रुव, सभापति बलराज पटेल, सभापति रजनी लहरे, एल्डरमैन सफर सचदेव एवं धर्मेंद्र चंद्राकर, अध्यक्ष प्रतिनिधि कंचन सिन्हा, कुमारी निषाद, भाजपा नेता भवानी शंकर सेन एवं निखिल साहू सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।
‘विकास किसी एक वार्ड तक सीमित नहीं, हर गली तक पहुंचाना हमारा संकल्प’
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी थानसिंग निषाद ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर का विकास तभी सार्थक माना जाएगा, जब प्रत्येक वार्ड के साथ-साथ हर गली और मोहल्ले के लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिले।
उन्होंने कहा, “वार्ड 14 में सीसी रोड निर्माण का कार्य केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि वार्डवासियों की सुविधा और बेहतर आवागमन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नगर के जिन क्षेत्रों में सड़क, नाली, प्रकाश, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि विकास का लाभ नगर के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।”
अध्यक्ष ने कहा कि नगर पंचायत की प्राथमिकता साफ-सुथरा, व्यवस्थित और सुविधायुक्त छुरा बनाना है। नागरिकों की समस्याओं और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों की योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों के सहयोग से छुरा को विकास की दिशा में लगातार आगे ले जाया जाएगा।
सीसी रोड से बदलेगी वार्ड की तस्वीर
वार्ड क्रमांक 14 में सीसी रोड निर्माण होने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। बारिश के दौरान होने वाली कीचड़ एवं रास्ते की परेशानियों से भी राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क निर्माण से वार्ड की आंतरिक गलियों को बेहतर स्वरूप मिलने के साथ ही नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।
लगातार जारी हैं विकास कार्य
नगर पंचायत क्षेत्र में विभिन्न वार्डों में लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क निर्माण सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता मिलने से नगर की तस्वीर में बदलाव देखने को मिल रहा है। वार्ड 14 का सीसी रोड निर्माण भी इसी विकास श्रृंखला की महत्वपूर्ण कड़ी है।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मोहल्लेवासियों ने विकास कार्य के लिए नगर पंचायत का आभार जताया और सड़क निर्माण शुरू होने पर खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि छुरा के विकास की रफ्तार को आगे भी इसी तरह जारी रखते हुए नागरिकों की जरूरत के अनुरूप कार्य कराए जाएंगे।
