महंगाई पर बेकाबू मोदी सरकार!” — गैस, पेट्रोल-डीजल के दामों में आग, आम आदमी बेहाल : बेसरा

रिपोर्टर :- अनीश सोलंकी 
गरियाबंद। जिले में बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने प्रेसवार्ता में केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को आम जनता के लिए “आपदा” करार देते हुए कहा कि गलत आर्थिक प्रबंधन और कमजोर कूटनीति के चलते देश में महंगाई बेलगाम हो चुकी है।

स्थानीय रेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में बेसरा ने कहा कि हाल ही में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जबकि पिछले तीन महीनों में ही इसमें कुल 525 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं घरेलू गैस के दाम में भी हाल ही में 62 रुपये की वृद्धि ने आम लोगों की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज घटाने का दिखावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर कीमतों में लगातार इजाफा हो रहा है। “

कुछ जगहों पर पेट्रोल के दाम 4 रुपये तक बढ़ गए हैं, जिससे आम जनता को कोई राहत नहीं मिल रही,” बेसरा ने कहा कि खाद्य तेल, दूध, राशन सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। “खाद्य तेल जो कभी 70 रुपये लीटर था, आज 200 रुपये के पार पहुंच चुका है। घरेलू गैस सिलेंडर 400 रुपये से बढ़कर 900-1000 रुपये तक पहुंच गया है,” उन्होंने आरोप लगाया।

उन्होंने यह भी कहा कि एविएशन फ्यूल की कीमत बढ़ने से हवाई यात्रा भी महंगी हो गई है। साथ ही आम लोगों को गैस सिलेंडर के लिए हफ्तों इंतजार करना पड़ रहा है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है।

कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के संसाधन और सार्वजनिक उपक्रम कुछ चुनिंदा लोगों को सौंपे जा रहे हैं, जिससे आर्थिक असमानता तेजी से बढ़ रही है। “आम आदमी का जीवन स्तर गिरता जा रहा है, जबकि सरकार सिर्फ अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचा रही है,” उन्होंने कहा।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय मनरेगा के जरिए रोजगार की कानूनी गारंटी दी गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने उसे कमजोर कर गरीबों से उनका हक छीन लिया है।

बेसरा ने कहा कि रेलवे किराया, स्कूल-कॉलेज फीस और बैंकिंग सेवाओं पर बढ़ते शुल्कों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। “आज हर तरफ से आम आदमी पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है, जिससे परिवार चलाना मुश्किल हो गया है,” उन्होंने कहा।

इस दौरान पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष आबिद ढेबर, सन्नी मेमन, रमेश शर्मा, पन्नालाल ध्रुव , जुनैद खान, छगन यादव, रमीज रहमान और अवध यादव सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

महंगाई को लेकर सियासी संग्राम तेज हो गया है, जहां विपक्ष लगातार केंद्र सरकार को घेर रहा है, वहीं आम जनता बढ़ती कीमतों के बोझ तले पिसती नजर आ रही है।

मुख्य खबरें