विधायक रोहित साहू आज छुरा क्षेत्र के दौरे पर, बारिश से क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों का करेंगे निरीक्षण कुसमबुड़ा-सारागांव मार्ग के टूटे पुल का लेंगे जायजा, वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से करेंगे चर्चा

संवाददाता – अनीश सोलंकी 
छुरा। राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू बुधवार को छुरा विकासखंड के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए पुल-पुलियों और सड़क मार्गों का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लेंगे। साथ ही क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं अधिकारियों से चर्चा करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधायक रोहित साहू सुबह 11:30 बजे छुरा-कुसमबुड़ा-सारागांव मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण करेंगे। बारिश के कारण पुल के क्षतिग्रस्त होने से आवागमन प्रभावित हुआ है। विधायक मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेंगे तथा संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था को लेकर आवश्यक कार्ययोजना पर विचार-विमर्श करेंगे।

इसके बाद विधायक क्षेत्र में बारिश से प्रभावित अन्य पुल-पुलिया एवं सड़क मार्गों की स्थिति की भी जानकारी लेंगे। स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं और लोगों को हो रही असुविधाओं को लेकर अधिकारियों से आवश्यक चर्चा की जाएगी।

दौरे के दौरान विधायक छुरा स्थित शीतला मंदिर प्रांगण में प्रस्तावित डोम निर्माण स्थल का भी निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात गणमान्य नागरिकों, नगरवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान नगर के विकास एवं क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर चर्चा की जाएगी।

भाजपा मंडल अध्यक्ष खोमन चंद्राकर ने विधायक के दौरे की जानकारी देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की है।

विधायक के दौरे से क्षेत्रवासियों को बारिश से प्रभावित अधोसंरचना एवं आवागमन की समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा आगे बढ़ने की उम्मीद है।

मुख्य खबरें