उप सरपंच संघ की बैठक में सरपंच स्व.बहुर सिंह दीवान को दी श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रख जताया शोक

छुरा। छुरा ब्लॉक के करकरा ग्राम पंचायत के सरपंच रहे स्वर्गीय बहुर सिंह दीवान के निधन पर छुरा ब्लॉक उप सरपंच संघ ने गहरा शोक व्यक्त किया। आज आदिवासी सामाजिक भवन में आयोजित उप सरपंच संघ की बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने स्व. दीवान की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

बैठक में वक्ताओं ने स्व. बहुर सिंह दीवान को एक कर्मठ, मिलनसार एवं आदिवासी समाज के हितों के लिए सदैव संघर्षरत जनप्रतिनिधि बताया। उन्होंने कहा कि स्व. दीवान ने अपने कार्यकाल के दौरान पंचायत और क्षेत्र के विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।

उप सरपंच संघ ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर छुरा ब्लॉक उप सरपंच संघ के पदाधिकारी, विभिन्न ग्राम पंचायतों के उप सरपंच एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्य खबरें