कल निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, शांति व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी से मिले सरपंच व ग्रामीण, मांगा पुलिस सहयोग,रथयात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य बनाने प्रशासन व ग्रामीणों ने मिलाया हाथ

 


छुरा। छुरा विकासखंड के ग्राम पंचायत कनसिंघी में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गांव में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ विशाल रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा के सफल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर ग्राम पंचायत कनसिंघी के सरपंच भोजराम नागेश के नेतृत्व मे गांव के वरिष्ठ नागरिकों ने बुधवार को छुरा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी छुरा ज्ञानेश्वर गंगवाल से मुलाकात की और पुलिस सहयोग का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर गंगवाल को रथयात्रा में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया तथा यात्रा मार्ग, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी आवश्यक विषयों पर चर्चा की। ग्रामीणों ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख पर्व है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।

ऐसे में पुलिस प्रशासन का सहयोग आवश्यक है ताकि आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि रथयात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

उन्होंने आयोजकों से भी अपील की कि यात्रा के दौरान प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।

गांव के वरिष्ठ नागरिकों ने विश्वास जताया कि प्रशासन और ग्रामीणों के आपसी समन्वय से इस वर्ष की भगवान जगन्नाथ रथयात्रा श्रद्धा, अनुशासन और भाईचारे का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

मुख्य खबरें