जिला पंचायत सीईओ ने ली योजनाओं की समीक्षा बैठक, अधूरे आवास और स्वच्छता मिशन में तेजी लाने के निर्देश

छुरा :- जनपद पंचायत सभागार छुरा में बुधवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर द्वारा एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें जनपद के सभी अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत सचिव तथा रोजगार सहायक उपस्थित रहे।सीईओ चंद्राकर ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन आवासों को समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि “हर पात्र हितग्राही को उसका पक्का मकान मिले, यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अमला जिम्मेदारी और समयबद्धता से कार्य करें।”बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत लंबित कार्यों की भी समीक्षा की गई और स्वच्छता से जुड़े सभी विभागीय कर्मियों को तेजी से कार्य निष्पादन के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।सीईओ चंद्राकर की इस बैठक से स्पष्ट संकेत मिला कि जिला प्रशासन अब योजनाओं को लेकर और अधिक गंभीरता से काम कर रहा है तथा अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर जोर दे रहा है।बैठक में प्रभारी सीईओ जनपद पंचायत छुरा रूपकुमार ध्रुव, आरईएस एसडीओ, विकासखंड समन्वयक, तकनीकी सहायक, सहायक विकास विस्तार अधिकारी, करारोपण अधिकारी, पंचायत सचिव, आवास मित्र एवं रोजगार सहायक सहित सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
